हम पाकिस्तान के खिलाफ एक टीम के तौर पर अच्छा क्रिकेट खेलना चाहते है:दीप्ति शर्मा

नयी दिल्ली, 04 सितंबर (वार्ता) भारतीय महिला टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने पाकिस्तान के खिलाफ अपनी टीम के शानदार रिकॉर्ड को अधिक अहमियत नहीं देते हुए कहा कि शनिवार को दुबई में होने वाले महिला एशिया कप के ग्रुप ए मैच में जब दोनों टीमें आमने-सामने होंगी, तो पिछले नतीजों से उन्हें कोई मानसिक बढ़त नहीं मिलेगी। हम एक टीम के तौर पर उनके खिलाफ अच्छा क्रिकेट खेलना चाहते है। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए 17 टी-20 मैचों में से 14 जीते हैं, जिसमें बर्मिंघम में हुए 2026 महिला टी-20 विश्व कप का हालिया मैच भी शामिल है, जिसमें भारत ने 64 रन से जीत हासिल की थी। उस मैच में स्मृति मंधाना ने 68 रन बनाए थे, जबकि दीप्ति ने पांच विकेट लिए थे।

मैच से पहले संवाददाता सम्मेलन में दीप्ति ने पत्रकारों से कहा, “देखिए, ऐसा कोई फायदा नहीं है। बात बस इतनी है कि हमने उनके खिलाफ जो भी मैच जीते हैं – चाहे वह एशिया कप हो या कोई और मैच – हम हमेशा उनसे एक कदम आगे रहे हैं, बस यही बात है। हम बस यही चाहते हैं कि एक टीम के तौर पर उनके खिलाफ अच्छा क्रिकेट खेलें।” भारत ने अपने शुरुआती दो मैचों में थाईलैंड और हांगकांग-चीन को हराकर पहले ही सेमीफ़ाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। हालांकि, दीप्ति ने कहा कि टीम का ध्यान अपनी लय बनाए रखने और एक यूनिट के तौर पर योगदान जारी रखने पर है।

उन्होंने कहा, “देखिए, पूरी टीम अच्छा प्रदर्शन कर रही है। चाहे आप बॉलिंग यूनिट को देखें या बैटिंग यूनिट को; अगर मैं हांगकांग-चीन के खिलाफ इस मैच की बात करूं, तो मुझे लगता है कि दोनों चीजें संतुलित थीं। जिस खिलाड़ी का दिन अच्छा होता है, वह बेहतर करने और खेल को आगे ले जाने की कोशिश करती है। उसके आस-पास के लोग उसे सकारात्मक बातें बताने की कोशिश करते हैं ताकि वह अपने खेल में और बेहतर कर सके। हमारी टीम भी अच्छी है और उनके गेंदबाज भी अच्छे हैं। हम यह जानते हैं, लेकिन हम अपनी ताकत पर अधिक ध्यान देते हैं। जैसा कि मैंने कहा, हम अच्छी क्रिकेट खेलना चाहते हैं – हमारा पूरा ध्यान इसी पर है।”

भारत के बल्लेबाज अच्छी फॉर्म में है, मंधाना ने हांगकांग-चीन के खिलाफ रिकॉर्ड-तोड़ शतक लगाया है। हालांकि, शुरुआती दो मैचों में मिडिल ऑर्डर को खेलने के कम मौके मिले हैं। वहीं, पाकिस्तान पिछले मैच में थाईलैंड को हराने के बाद टॉप ऑर्डर की अपनी चिंताओं को दूर करने की कोशिश करेगा। दीप्ति ने भारत की प्लेइंग इलेवन में बदलाव का फ़ैसला टीम मैनेजमेंट पर छोड़ दिया और कहा कि टीम उसी रणनीति पर कायम रहना चाहती है जो शुरुआती मैचों में कारगर रही थी। उन्होंने कहा, “देखिए, मैं आपको यह नहीं बता सकती कि लाइनअप क्या होगा। यह मैनेजमेंट का फैसला है। हम बस अच्छी क्रिकेट खेलना चाहते हैं। गेंदबाजी और बल्लेबाजी यूनिट के तौर पर, पिछले दो मैचों में टीम का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा है और हम इसी सोच को बनाए रखना चाहते हैं।”

दीप्ति ने युवा स्पिनर एन श्री चरणी और प्रेमा रावत का भी समर्थन किया और कम अनुभव के बावजूद उनके शानदार प्रदर्शन की तारीफ़ की। उन्होंने कहा, “वह बहुत टैलेंटेड हैं। चरणी रैंकिंग में नंबर वन हैं। उन्होंने पिछले एक साल में बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है। जिस तरह से वह गेंद को टर्न कराती हैं, वह अविश्वसनीय है। बैटर के लिए उन्हें खेलना आसान नहीं होता। प्रेमा के साथ भी ऐसा ही है – उन्होंने बहुत ज़्यादा मैच नहीं खेले हैं। लेकिन जब भी उन्हें बॉलिंग का मौका मिलता है, वह हमेशा एक कदम आगे रहती हैं और टीम के लिए विकेट लेने की कोशिश करती रहती हैं। मैं मैदान और नेट्स में उनकी हर संभव मदद करती हूं। मैं उनकी जितनी हो सके मदद करती हूं और अपने अनुभव उनके साथ साझा करती हूं। एक सीनियर खिलाड़ी होने के नाते, मैं उनकी पूरी मदद करती हूं।”

.....

Next Post

पुलिस ने छात्रावास में छात्रों को किया जागरूक, तनाव से दूर रहने का दिया संदेश

Fri Sep 4 , 2026
ओंकारेश्वर, पुलिस अधीक्षक खंडवा श्री अगम जैन के निर्देशन में आज दिनांक 04 सितंबर 2026 को थाना मांधाता की टीम ने शासकीय सीनियर बालक छात्रावास ओंकारेश्वर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। टीम ने कक्षा 9 से 12 तक के छात्रों को मानसिक तनाव से बचने के लिए प्रेरित किया। थाना […]

You May Like