
भोपाल। भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (बीएचईएल), भोपाल ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को पर्यावरण संरक्षण और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों की शुरुआत की। इस दौरान कर्मचारियों और उनके परिवारों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक प्रदीप कुमार उपाध्याय ने महाप्रबंधकों, वरिष्ठ अधिकारियों और कर्मचारियों को “पर्यावरण सुरक्षा प्रतिज्ञा” दिलाई। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है और प्रत्येक व्यक्ति को अपने व्यावसायिक एवं व्यक्तिगत जीवन में पर्यावरण हितैषी आदतों को अपनाना चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से पर्यावरण संरक्षण संबंधी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
इस अवसर पर बीएचईएल के निदेशक (पावर), निदेशक (मानव संसाधन) अतिरिक्त प्रभार तथा बीएचईएल भोपाल के कार्यपालक निदेशक द्वारा पर्यावरण संरक्षण संबंधी संदेश भी जारी किए गए। कर्मचारियों को जागरूक करने के लिए विभिन्न विनिर्माण इकाइयों और शॉप फ्लोर पर विभागाध्यक्षों ने भी पर्यावरण सुरक्षा की शपथ दिलाई।
बीएचईएल भोपाल ने “प्रकृति से प्रेरित; जलवायु के लिए; हमारे भविष्य के लिए” थीम के तहत 5 जून से 4 जुलाई तक “पर्यावरण जागरूकता माह” मनाने की शुरुआत की है। इस दौरान प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम, प्लास्टिक उन्मूलन अभियान, वृक्षारोपण, पोस्टर प्रतियोगिताएं तथा “वेस्ट टू बेस्ट” जैसी रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
