नयी दिल्ली,14 अगस्त, (वार्ता) लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशवासियों को बधाई दी है।
श्री बिरला ने गुरुवार को अपने शुभकामना संदेश में कहा, “मेरे प्यारे देशवासियों और कोटा बूंदी के मेरे प्रिय भाइयों और बहनों, आप सभी को 79वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ। हमारे लिए गौरव का विषय है कि आज हम विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र हैं और विश्व की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में से हैं।”
लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि हमने विज्ञान, चिकित्सा, तकनीकी, अंतरिक्ष, खेल जैसे क्षेत्रों में विश्व के अग्रणी देश के रूप में उभरे हैं। आज का भारत स्वाभिमानी भारत है, आत्मनिर्भर भारत है। हमें अपनी इस स्वतंत्रता की रक्षा करनी है, उसकी गरिमा को बढ़ाना है और आने वाली पीढ़ियों के लिए इसे और भी समृद्ध बनाकर देना है।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का यह दिन हर भारतीय के हृदय में गौरव और आत्मसम्मान का भाव जगाता है।आज वह दिन है जब हम अपने अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और राष्ट्रनायकों का आभार व्यक्त करते हैं जिनके संघर्ष, त्याग, तपस्या और बलिदान के कारण हमें आज़ादी मिली। एक समय था जब 40 करोड़ भारतीयों ने अपने पुरुषार्थ से स्वतंत्र भारत का सपना साकार किया था। मुझे पूरा विश्वास है कि आज 140 करोड़ भारतीय अपने सामूहिक पुरुषार्थ से समृद्ध भारत का सपना पूरा करेंगे।
श्री बिरला ने कहा कि इस स्वतंत्रता दिवस पर हम यह संकल्प लें कि हम अपने हर कर्तव्य को पूरे ईमान, निष्ठा और समर्पण के साथ निभाएँगे। स्वतंत्रता सेनानियों ने जिस कठिन तप, त्याग और परिश्रम से देश को आजाद कराया, उसी निष्ठा से आज के दिन हम सभी को संकल्प लेना होगा कि हम सामूहिक शक्ति, सामर्थ्य और कठोर परिश्रम से राष्ट्र निर्माण का अपना दायित्व निभाएं। हमारे सामूहिक प्रयासों से ही विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की सिद्धि संभव है। इसी संदेश के साथ मैं एक बार फिर आपको स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई देता हूँ।
