
जबलपुर। भेड़ाघाट थाना अंतर्गत ग्राम बहदन में शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे आ रही कार अनियंत्रित होकर ट्रक में जा घुस गई थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, कठौंदा माढ़ोताल निवासी यशवंत पटेल उर्फ साहिल (22), अपने साथियों अभिनव पटेल, हर्ष पटेल, सौरभ पटेल और नमन तिवारी के साथ स्विफ्ट कार एमपी 20 सीके 9390 में सवार होकर भेड़ाघाट रिसोर्ट में एक शादी समारोह से लौट रहे थे। कार यशवंत चला रहा था।
रात करीब 3:30 बजे जैसे ही उनकी कार हाईवे रोड पर जेसीबी कंपनी के सामने पहुँची, उनके आगे चल रहे ट्रक एमपी 20 एचबी 1394 के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए अचानक ब्रेक मार दिए। रफ्तार अधिक होने के कारण कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी।
इनकी हुई मौत
इस हृदयविदारक हादसे में कार चला रहे यशवंत उर्फ साहिल और बगल की सीट पर बैठे सौरभ पटेल (25) के सिर, चेहरे और सीने में गंभीर चोटें आने के कारण मौके पर ही मौत हो गई। कार की पिछली सीट पर बैठे हर्ष, अभिनव और नमन को भी गंभीर चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और घायलों को तत्काल मेट्रो अस्पताल, जबलपुर में भर्ती कराया गया, जहाँ उनका उपचार जारी है। मृतक यशवंत और सौरभ के शवों को पोस्टमार्टम के लिए नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। भेड़ाघाट थाना पुलिस ने लक्ष्मी प्रसाद पटेल की सूचना पर मर्ग कायम कर लिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
