
गुना। ऑल इंडिया केमिस्ट एसोसिएशन के देशव्यापी आव्हान पर गुना डिस्ट्रिक्ट केमिस्ट एसोसिएशन ने जिले भर में दवा दुकानें बंद रखकर ऑनलाइन दवा बिक्री का पुरजोर विरोध किया। इस बंद के दौरान गुना जिले के 700 से अधिक मेडिकल स्टोर दिनभर पूरी तरह बंद रहे, जिससे दवा व्यापार ठप नजर आया।दवा विक्रेताओं ने सुगन चौराहे पर एकत्रित होकर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों का कहना है कि ऑनलाइन बिकने वाली दवाओं की प्रामाणिकता और गुणवत्ता संदिग्ध होती है। यह भी स्पष्ट नहीं होता कि दवाएं किसने और कहां से भेजी हैं। इसके अलावा, ऑनलाइन माध्यम से युवा आसानी से दवाओं का ऑर्डर कर रहे हैं, जिससे समाज में नशे की प्रवृत्ति को बढ़ावा मिल रहा है। प्रदर्शन के बाद दवा विक्रेताओं ने जिला कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सरकार से ऑनलाइन दवा व्यापार पर तुरंत प्रतिबंध लगाने और ऑफलाइन रिटेलर्स के हितों की रक्षा करने की मांग की गई है।
