
मुंबई, 22 अगस्त (वार्ता) सोनी सब के शो ‘यादें’ में डॉ. सृष्टि और डिग्गी की शादी का ट्रैक दर्शकों को देखने को मिलेगा। इस दौरान अभिनेत्री गुलकी जोशी पारंपरिक महाराष्ट्रीयन दुल्हन के रूप में नजर आएंगी। साड़ी, पारंपरिक गहनों, हरी चूड़ियों और नथ से सजे उनके इस लुक ने शो के सेट पर उत्सव का माहौल बना दिया है। गुलकी के लिए यह लुक सिर्फ उनके किरदार का हिस्सा नहीं था, बल्कि निजी तौर पर भी बेहद भावुक अनुभव रहा। अभिनेत्री ने अपने महाराष्ट्रीयन दुल्हन वाले लुक की तस्वीर अपनी मां को भेजी। बेटी को दुल्हन के रूप में देखकर उनकी मां भावुक हो गईं और कहा कि वह अपनी बेटी को शादी के दिन इसी तरह देखने की कल्पना करती हैं।
अपने इस अनुभव को साझा करते हुए गुलकी जोशी ने कहा, “जैसे ही मेरी मां ने मुझे महाराष्ट्रीयन दुल्हन के लुक में देखा, वह बहुत भावुक हो गईं। उन्होंने कहा, ‘मैं तुम्हें शादी के दिन ऐसे ही देखती हूं’ और यह बात सचमुच मुझे छू गई।” गुलकी ने कहा, “एक कलाकार के तौर पर मैंने अपने किरदारों के लिए कई अलग-अलग लुक्स अपनाए हैं, लेकिन यह लुक मेरे लिए बहुत निजी था, क्योंकि इसने अचानक मुझे अपनी मां की नजरों से खुद को देखने का एहसास कराया। यह एक खूबसूरत और भावनात्मक पल था, जिसे मैं इस ट्रैक से हमेशा याद रखूंगी।” उन्होंने कहा कि हर बेटी के जीवन में ऐसा एक पल आता है, जब उसकी मां उसे देखकर महसूस करती है कि वह बड़ी हो गई है। उनके लिए भी यह वही भावुक पल था। सोनी सब पर ‘यादें’ का प्रसारण सोमवार से शनिवार रात आठ बजे किया जाता है।
