रायसेन।जिलेभर में रात्रि 12 से सुबह 4 बजे तक गश्त करेंगे, 105 अधिकारी व कर्मियों की ड्यूटी लगी।
एसपी पंकज पांडे एएसपी कमलेश कुमार खरपुसे ने थाना प्रभारियों एवं ड्यूटी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि रात्रिकालीन गश्त एवं नाकाबंदी के दौरान सजगता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। रात्रि में गश्त व नाकाबंदी केवल औपचारिकता न होकर अपराध नियंत्रण की एक प्रभावी रणनीति है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जनता से कहा कि किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि को देखें तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस आम जनता की सुरक्षा के लिए हर संभव प्रयास करती रहेगी।
एसपी पांडे ने शहर सहित आसपास लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने रात 12 से 4 बजे तक पुलिस गश्त और नाकाबंदी करने का निर्णय लिया है।आपराधिक तत्वों पर नियंत्रण पाने रात्रिकालीन गश्त एवं नाकाबंदी अभियान चलाया गया है। इस दौरान भोर तक जिले के विभिन्न स्थानो, मार्गों तथा संभावित अपराध क्षेत्र में विशेष गश्ती टीम पहुंचेगी। साथ ही जिले की सीमाओं, प्रमुख चौक-चौराहों, मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में सघन नाकाबंदी की जाएगी। एसपी ने सतत निर्देश दिए है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए। पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ काम करे और अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही करे।
अभियान के लिए एएसपी खरपुसे को प्वाइंट ड्यूटी का नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं सहायक नोडल डीएसपी प्रतिभा शर्मा की नियुक्ति की गई है। नाकाबंदी और गश्त व्यवस्था के लिए अन्य पुलिस अधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
