
इटारसी। रेलवे सुरक्षा बल द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन अमानत के तहत इटारसी आरपीएफ ने ईमानदारी और तत्परता की एक मिसाल पेश की है। बल के जवानों ने ट्रेन में छूटा एक बैग बरामद कर महिला यात्री को सौंपा, जिसमें करीब एक लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण रखे हुए थे।
नींद में छूटा बैग, आरपीएफ ने ढूंढ़ निकाला
जानकारी के अनुसार, भोपाल के करोंद निवासी महिला यात्री पप्पी योगी, पति विनोद योगी (40 वर्ष), गाड़ी संख्या 22191 में भोपाल से नर्मदापुरम तक की यात्रा कर रही थीं। नर्मदापुरम स्टेशन पर उतरते समय वे अपना गुलाबी-सफेद रंग का हैंडबैग कोच संख्या S-4 में ही भूल गईं। भोपाल कंट्रोल रूम से सूचना मिलते ही इटारसी स्टेशन पर आरक्षक लाखन सिंह गुर्जर ने मोर्चा संभाला।
रात्रि करीब 1:40 बजे जैसे ही ट्रेन प्लेटफार्म नंबर 2 पर पहुंची, आरक्षक ने बताए गए कोच की सघन तलाशी ली। बैग गैलरी में दरवाजे के पास लावारिस हालत में पड़ा मिला, जिसे सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट लाया गया।
चेहरे पर लौटी मुस्कान
आरपीएफ ने तत्काल महिला यात्री को सूचित किया, जिसके बाद वे देर रात इटारसी पोस्ट पहुंचीं। बैग की पहचान और सामग्री की पुष्टि होने के बाद सहायक उप निरीक्षक राम किशोर शर्मा ने जेवर से भरा बैग सुरक्षित रूप से महिला के सुपुर्द किया। अपने कीमती आभूषण वापस पाकर महिला यात्री ने आरपीएफ की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए जवानों का आभार व्यक्त किया।
