एम्स, दरभंगा का निर्माण कार्य तथा डीएमसीएच का पुनर्विकास कार्य तेजी से पूर्ण करें :सम्राट चौधरी

दरभंगा, 14 मई (वार्ता) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अधिकारियों को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), दरभंगा के निर्माण कार्य तथा दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (डीएमसीएच) के पुनर्विकास कार्य को तेजी से और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा कराये जाने के निर्देश दिये।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी की अध्यक्षता में दरभंगा एयरपोर्ट परिसर में दरभंगा अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट परियोजना, डीएमसीएच के जीर्णोद्धार कार्य तथा निर्माणाधीन एम्स, दरभंगा की प्रगति को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में दरभंगा विमानपत्तन के निदेशक ने न्यू टर्मिनल भवन, सड़क संपर्क, पावर हाउस, एयर कंडीशनिंग प्लांट और अन्य सुविधाओं की प्रगति से मुख्यमंत्री श्री चौधरी को अवगत कराया। वहीं एम्स, दरभंगा के उप निदेशक रजनीश मिश्रा ने भू-अर्जन, सिविल कार्य, सड़क चौड़ीकरण, रिंग बांध, पेयजल और बिजली कनेक्शन से संबंधित कार्यों की जानकारी दी।

स्वास्थ्य विभाग के सचिव कुमार रवि ने बताया कि डीएमसीएच में वर्तमान में 250 छात्रों का नामांकन हो रहा है तथा 1700 शैय्या वाले अस्पताल के पुनर्विकास का कार्य तेजी से चल रहा है।समीक्षा बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी विभिन्न परियोजनाओं से जुड़े मुद्दे मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि दरभंगा एयरपोर्ट को अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाने के लिए आवश्यक मानकों पर भारत सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्रालय के साथ विस्तृत चर्चा की जाए तथा नाइट लैंडिंग सुविधा जल्द शुरू कराई जाए। उन्होंने कहा कि डीएमसीएच और एम्स, दोनों परियोजनाओं के निर्माण के दौरान आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती रहें, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने निर्देश दिये कि दरभंगा सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं का लाभ मरीजों को आसानी से मिले, इसके लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

 

Next Post

रुपया 96 प्रति डॉलर के करीब जाने के बाद 2.50 पैसे मजबूत

Thu May 14 , 2026
मुंबई, 14 मई (वार्ता) अंतरबैंकिंग मुद्रा बाजार में गुरुवार को रुपया 2.50 पैसे मजबूत हुआ और कारोबार की समाप्ति पर एक डॉलर 95.64 रुपये का बोला गया। दोपहर से पहले एक समय यह 95.9625 रुपये प्रति डॉलर तक उतर गया था जो बीच कारोबार में इसका अबतक का निचला स्तर […]

You May Like