
इंदौर। श्रीनगर इलाके में कारोबारी के घर से लाखों के आभूषण चुराने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को इंदौर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी चोरी के बाद फ्लाइट से दिल्ली भाग गए थे। पुलिस ने 450 स्थानों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद उनकी पहचान की और ट्रेस कर धरदबोचा। गिरोह का सरगना अभी भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
फ्लाइट से दिल्ली, फिर गुजरात भागे आरोपी
डीसीपी (जोन-2) अभिनय विश्वकर्मा के मुताबिक, 20 दिन पहले श्रीनगर एक्सटेंशन में एक कारोबारी के सूने घर में लाखों की चोरी हुई थी। पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो मास्क लगाए तीन बदमाश वारदात को अंजाम देकर भागते नजर आए। जांच में पता चला कि वारदात के बाद आरोपी मास्क हटाकर अलग-अलग रास्तों से निकले और फ्लाइट से दिल्ली रवाना हो गए। इसके बाद साइबर सेल की मदद से उनकी लोकेशन ट्रेस की गई, जिससे पता चला कि वे दिल्ली से गुजरात के मोरबी पहुंच चुके हैं। पुलिस टीम को तुरंत वहां रवाना किया गया।
ऐसे हुई गिरफ्तारी
मंगलवार को पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों –
1. सुमित पिता सुनारसिंह (टरणा, बड़वानी)
2. बलवीर पिता नरेंद्र कल्याण (आकाश नगर, द्वारकापुरी)
3. रामराज उर्फ चालू पिता इंद्रेश्वरी मौर्य (आकाश नगर)
को गिरफ्तार किया।
ताला-चाबी बनाने के बहाने सूने घरों की रेकी
पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि वे ताला-चाबी बनाने का काम दिखाकर सूने घरों की रेकी करते थे। मौका मिलने पर ताले खोलकर घरों में घुस जाते और लाखों के आभूषण चुरा लेते थे। गिरोह का सरगना गुरदीपसिंह (निवासी आकाश नगर) अभी भी फरार है।
छह राज्यों में कर चुके वारदात
गिरोह ने दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में कई चोरी की वारदातें कबूल की हैं। पुलिस के मुताबिक, दिल्ली पुलिस को भी इनकी तलाश थी और कई मामलों में इन पर इनाम घोषित है।
बांडेड कारों और जुए-सट्टे के शौकीन
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चोरी के पैसों से महंगी गाड़ियां खरीदते, जुए-सट्टे में पैसा उड़ाते और आलीशान होटलों में ठहरते थे। वे चोरी के तुरंत बाद शहर छोड़ देते थे और फ्लाइट से दूसरे राज्यों में भाग जाते थे।
अन्य चोरी भी कबूली, लाखों के आभूषण जब्त
आरोपियों ने चाणक्य अपार्टमेंट में संदीप सोलंकी और नेहरू नगर में जयप्रकाश गोयल के घर से लाखों की चोरी करना कबूला है। पुलिस ने उनके पास से सोने की चेन, हार और 35 हजार नकद बरामद किए हैं।
सरगना गुरदीप सिंह की तलाश जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि उसके पकड़े जाने के बाद और भी कई वारदातों का खुलासा होगा।
