विवाह समारोह बना सड़क सुरक्षा जागरूकता का माध्यम,परिजनों ने हेलमेट पहनकर निकाली रैली

पानसेमल। थाना क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर एक सराहनीय पहल देखने को मिली, जहां आमजन ने स्वयं आगे बढ़कर जिम्मेदारी का परिचय दिया। रविवार को ग्राम जाहूर में आयोजित रामसिंह चौहान के सुपुत्र एवं जान्या डावर की सुपुत्री रीता के विवाह समारोह के अवसर पर परिजनों एवं ग्रामीणों द्वारा हेलमेट पहनकर ग्राम सकराली तक जागरूकता रैली निकाली गई।इस अनूठी पहल का उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं एवं उनसे होने वाली जनहानि के प्रति लोगों को सचेत करना था। रैली में शामिल समाजसेवी गोपाल भंडारी ने बताया कि अब सामाजिक एवं मांगलिक आयोजनों को भी जनजागरूकता का माध्यम बनाते हुए लोगों को हेलमेट पहनने एवं यातायात नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।विवाह समारोह के दौरान ग्राम जाहूर से सकराली जाते समय यह रैली पुलिस थाना पानसेमल भी पहुंची,जहां थाना प्रभारी निरीक्षक मंशाराम वगेन द्वारा सभी ग्रामीणों का स्वागत किया गया। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में जिलेभर में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता अभियान लगातार चलाया जा रहा है और इस प्रकार के जनसहभागिता आधारित प्रयास अत्यंत प्रेरणादायक हैं।गोपाल भंडारी ने भी पुलिस द्वारा संचालित जनसंवाद कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि इससे दहेज प्रथा,डीजे के दुरुपयोग एवं नशे जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जागरूकता बढ़ रही है तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो रहा है।इस अवसर पर जनपद पंचायत उपाध्यक्ष लालसिंह पवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Next Post

सासंद ओर पूर्व विधायक के बीच पोस्टर वार 

Sun Apr 19 , 2026
मनोज पुरोहित शाजापुर। मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में इन दिनों पोस्टर वार ने सियासी पारा चढ़ा दिया है। रविवार कों शाजापुर देवास संसदीय क्षेत्र के सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी और कालापीपल विधानसभा के पूर्व कांग्रेस विधायक और वर्तमान में राष्ट्रीय कांग्रेस के सचिव कुणाल चौधरी के बीच सोशल मीडिया पर […]

You May Like