
छतरपुर। जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र के गहरवार गांव में बकरी के खेत में घुसने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। घटना 26 फरवरी की शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। मारपीट का वीडियो भी सामने आया है।
पीड़ित हरवल यादव (29) ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनके अनुसार उनकी बकरी पड़ोसी के खेत में चली गई थी, जिस पर गांव के विकास यादव, मुलायम यादव, राजेंद्र यादव और शिवम यादव से कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर चारों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
हमले में हरवल यादव के सिर और कंधे में गंभीर चोट आई। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बड़े भाई प्राणसिंह यादव, भाभी सविता यादव और मां प्रेमवती यादव को भी पीटा गया। मारपीट में कुछ घायलों के सिर से खून बहने की बात सामने आई है। पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मारपीट, गंभीर चोट, गाली-गलौज और आपराधिक धमकी की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू क
र दी है।
