
भोपाल। राजधानी स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। सोमवार तड़के करीब 3 बजे संस्थान के आधिकारिक ई-मेल आईडी पर एक धमकी भरा मेल भेजा गया, जिसमें दावा किया गया कि कॉलेज परिसर में सायनाइड पॉयजन वाले बम रखे गए हैं और वे दोपहर में ब्लास्ट होंगे।
ई-मेल मिलते ही एम्स प्रबंधन ने तत्काल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की सघन तलाशी शुरू की गई। अस्पताल, मेडिकल कॉलेज, हॉस्टल और अन्य भवनों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मरीजों और उनके परिजनों में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया, हालांकि प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ई-मेल की तकनीकी जांच की जा रही है और उसे भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
गौरतलब है कि देश के प्रमुख चिकित्सा संस्थानों में शुमार एम्स भोपाल को इस तरह की धमकी मिलना सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चुनौती माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।