
जबलपुर। क्राइम ब्रांच व गोरखपुर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर हाथीताल में घेराबंदी कर माँ-बेटा को गिरफ्तार किया है, जिनके पास से 16 किलो से अधिक का गांजा बरामद हुआ है। पुलिस अब इस बात की बारीकी से जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। आरोपियों से पूछताछ में बड़े नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।
गोरखपुर थाना प्रभारी नितिन कमल ने बताया कि क्राइम ब्रांच को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि हाथीताल के पास एक पुरुष और एक महिला संदिग्ध अवस्था में ट्रॉली बैग लेकर खड़े हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच और गोरखपुर थाने की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। पुलिस टीम जैसे ही ऐरावत चौक पहुंची, वहां खड़े महिला-पुरुष पुलिस को देखकर घबरा गए और भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने दोनों की घेराबंदी कर चंदन जैन (37 वर्ष) और उसकी मां श्रीमती राजुल जैन उर्फ राजकुमारी जैन (63 वर्ष) दोनों हाथीताल हाउसिंग बोर्ड, गोरखपुर निवासी को गांजा समेत गिरफ्तार किया है।
