भंवरकुआं से पलासिया तक 7100 लोगों ने जोड़ी चेतना की कड़ी
इंदौर:नशे के बढ़ते प्रभाव को रोकने और समाज में इसके दुष्परिणामों को लेकर जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस ने एक अभूतपूर्व अभियान चलाकर इतिहास रच दियाय. ‘नशे से दूरी है जरूरी’ अभियान के अंतर्गत भंवरकुआ चौराहे से पलासिया तक 7100 लोगों ने मानव श्रृंखला बनाकर नशा मुक्ति का संदेश दिया. इस आयोजन को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन में दर्ज किया है, जो इंदौर के लिए एक गौरवपूर्ण उपलब्धि है.
इस अभियान का नेतृत्व पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह के निर्देशन में किया. मानव श्रृंखला में शामिल लोगों में प्रमुख स्कूल-कॉलेजों के छात्र-छात्राएं, कोचिंग संस्थानों का स्टाफ, नगर सुरक्षा समिति के सदस्य, ट्रैफिक वार्डन, महिला-पुरुष, बच्चे, युवा और वरिष्ठ नागरिक शामिल रहे. मानव श्रृंखला की शुरुआत अति. पुलिस आयुक्त अमित सिंह और डीसीपी ऋषिकेश मीणा ने भंवरकुआ चौराहे से की, जबकि समापन पलासिया चौराहे पर अति. पुलिस आयुक्त मनोज कुमार श्रीवास्तव की उपस्थिति में हुआ.
इस आयोजन को इंदौर शहर सहोदय समूह के सहयोग से आयोजित किया, जिसमें श्री मोहित यादव की भूमिका महत्वपूर्ण रही. श्रृंखला के दौरान भागीदारी कर रहे नागरिकों ने हाथों में नशा विरोधी तख्तियां, पंपलेट्स और संदेश लिए हुए पूरे मार्ग पर खड़े होकर समाज को नशे से दूर रहने की प्रेरणा दी. मानव श्रृंखला के जरिए भंवरकुआ से नवलखा, जीपीओ, गीताभवन होते हुए पलासिया तक पूरे मार्ग को ‘नशामुक्त इंदौर’ के संकल्प में बांध दिया.
इस ऐतिहासिक आयोजन को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स लंदन की टीम ने मान्यता देते हुए नगरीय पुलिस इंदौर को प्रोविजनल सर्टिफिकेट प्रदान किया, जो पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह को सौंपा. इस सफलता पर पुलिस कमिश्नर ने अभियान में सहयोग देने वाले सभी विद्यार्थियों, नागरिकों, अधिकारियों और कर्मियों को बधाई दी. साथ ही, सभी प्रतिभागियों को पुलिस कमिश्नरेट की ओर से प्रशस्ति पत्र प्रदान किए
