
सीधी । कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देशानुसार जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए लगातार निरीक्षण की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में डिप्टी कलेक्टर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं सहायक आपूर्ति अधिकारी के संयुक्त दल द्वारा सीधी शहर स्थित विभिन्न होटलों का निरीक्षण किया गया। जांच दल द्वारा वसुंधरा होटल हॉस्पिटल चौक, राजस्थान होटल मानस भवन, नीलम होटल, परिहार होटल पुराना बस स्टैंड तथा राजस्थान होटल न्यू बस स्टैंड का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, रख-रखाव, स्वच्छता एवं खाद्य सामग्री की वैधता की जांच की गई। जांच के दौरान मौके से विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए। साथ ही खराब एवं आउटडेटेड खाद्य सामग्री पाए जाने पर उसे नियमानुसार विनिष्टीकरण कराया गया। होटल संचालकों को खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, स्वच्छता एवं साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा एवं आपूर्ति विभाग द्वारा होटल संचालकों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया गया कि ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री ही उपलब्ध कराई जाए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए तथा प्रतिष्ठानों में स्वच्छ एवं स्वास्थ्यकर वातावरण बनाए रखा जाए। प्रशासन द्वारा बताया गया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार की जांच एवं कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
