जबलपुर: बरगी थाना अंतर्गत रमनपुर घाटी के पास रविवार शाम मछलियों से लदा एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर अचानक पलट गया। इस हादसे में ट्रक के केबिन के भीतर बुरी तरह दबने से एक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, वाहन चालक को मामूली चोटें आई हैं।टीआई नीलेश दोहरे ने बताया कि आंध्र प्रदेश से बिहार की ओर मछलियों से लदा ट्रक क्रमांक एपी 16 टीएच 2439 जा रहा था। ट्रक काफी तेज गति में था। रविवार शाम करीब 6 बजे जैसे ही ट्रक रमनपुर घाटी के मोड़ पर पहुंचा तभी चालक नियंत्रण खो बैठा, जिससे गाड़ी पलट गई। हादसे में ट्रक में दबने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई जबकि चालक घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद केबिन में फंसे शव को बाहर निकाला। पुलिस द्वारा पूछताछ किए जाने पर दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के चालक अन्नथा वेंकटेश्वर राव ने बताया कि वह मृतक को व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता है। आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा रोड पर अज्ञात व्यक्ति ने उससे खाना मांगा था। खाना खाने के बाद वह व्यक्ति ट्रक में साथ चलने के लिए राजी हो गया और केबिन में बैठ गया।
इसके अलावा चालक के पास मृतक की कोई जानकारी नहीं है। मृतक के पास से कोई भी पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पंचनामा के बाद नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज, की मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया है। पुलिस अब हुलिए के आधार पर मृतक की शिनाख्त की कोशिश कर रही है। इसके साथ ही थानों में दर्ज गुमशुदगी रिकॉर्ड को खंगालने के साथ मृतक की फोटो अन्य थानों मेें भी शेयर की गई है।
