
भोपाल। मध्यप्रदेश कांग्रेस अपनी राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन के अवसर पर सोमवार को एकजुटता और शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी में है। मीनाक्षी नटराजन सोमवार सुबह 11 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय इंदिरा भवन से विधानसभा के लिए रवाना होकर आगामी राज्यसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी।
नामांकन प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता उनके साथ मौजूद रहेंगे। इनमें प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी, मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया और अरुण यादव प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इसके अलावा कांग्रेस के विधायक और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी भी कार्यक्रम में भाग लेंगे। राज्यसभा चुनाव से पहले इस आयोजन को कांग्रेस की एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती के महत्वपूर्ण प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
