जबलपुर: तिलवारा थाना अंतर्गत दद्दाघाट पर रविवार को नर्मदा नदी में नहाने उतरा मैहर जिले का एक 25 वर्षीय युवक गहरे पानी में समा गया।पुलिस के मुताबिक, मैहर जिले के ग्राम हरई रामनगर की रहने वाली 21 वर्षीय राजकुमारी विश्वकर्मा का पति विशाल विश्वकर्मा (25) अपने दोस्तों के साथ रविवार दोपहर करीब 12 बजे नर्मदा नदी के दद्दाघाट पर नहाने के लिए पहुंचा था।
नहाने के दौरान विशाल का संतुलन बिगड़ा और वह गहरे पानी की तरफ चला गया। हादसे के बाद घाट पर चीख-पुकार मच गई। शाम को पत्नी की रिपोर्ट पर तिलवारा थाना पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है। पुलिस हादसे के समय साथ मौजूद दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है। इस हादसे के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तैरना नहीं जानता था मृतक
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आईं कि मृतक युवक को तैरना नहीं आता था, तैरना न जानने की वजह से वह खुद को बचा नहीं पाए और डूब गए। जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया है और मामले की जाँच शुरू कर दी है।
