मुंबई, (वार्ता) एक्सेल एंटरटेनमेंट और अमेजन एमजीएम स्टूडियोज की फिल्म ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को दर्शकों से मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स के बीच ‘कालीन भैया’ पंकज त्रिपाठी और ‘मुन्ना भैया’ दिव्येंदु ने प्रशंसकों का आभार जताया है।पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु ने सोशल मीडिया पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें दोनों अपने चर्चित किरदारों के अंदाज में नजर आ रहे हैं। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, “फैमिली हैं आप लोग हमारी.. और आपने साबित कर दिया!! मिर्जापुर फैमिली की तरफ से धन्यवाद।”
‘मिर्जापुर’ वेब सीरीज की लोकप्रिय दुनिया को बड़े पर्दे पर लेकर आई ‘मिर्जापुर: द मूवी’ को लेकर दर्शकों में लंबे समय से उत्सुकता थी। फिल्म में पंकज त्रिपाठी और दिव्येंदु के अलावा अली फजल, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुग्गल, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौर, श्वेता त्रिपाठी और सोनल चौहान प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
गुरमीत सिंह के निर्देशन में बनी इस फिल्म की कहानी और पटकथा पुनीत कृष्णा ने लिखी है। फिल्म को रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले निर्मित किया है, जबकि कासिम जगमगिया और विशाल रामचंदानी इसके सह-निर्माता हैं।
‘मिर्जापुर: द मूवी’ चार सितंबर 2026 को हिंदी और तेलुगु में सिनेमाघरों में रिलीज हुई है।
