हैदराबाद, 05 अक्टूबर (वार्ता) क्रिकेट के दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी ने सोमवार को पैडलपार्क इंडिया के को-फाउंडर निखिल सचदेव, जिगर दोषी और प्रतीक दोषी के साथ मिलकर जुबली हिल्स में ‘7पैडलl एमएस धोनी’ नाम की एक इनडोर स्पोर्ट्स और वेलनेस सुविधा का उद्घाटन किया।
15,000 वर्ग फुट में फैली इस सुविधा में शुरुआती खिलाड़ियों से लेकर अनुभवी खिलाड़ियों के लिए तीन पैडल कोर्ट, पूरी तरह से सुसज्जित जिम, सॉना, आइस बाथ और इन्फ्रारेड रूम के साथ एक रिकवरी सुइट और योग व पिलेट्स के लिए एक स्टूडियो शामिल है। इस सुविधा में एक इन-हाउस कैफे, व्यूइंग गैलरी, इक्विपमेंट रेंटल, सर्टिफाइड कोचिंग भी है।
पैडलपार्क इंडिया के को-फाउंडर जिगर दोषी ने कहा कि हैदराबाद कंपनी की योजना में शामिल था और यह विस्तार ऐसे समय में हुआ है जब शारीरिक गतिविधि और सामाजिक मेलजोल वाले खेलों में रुचि बढ़ रही है।
उन्होंने कहा, “हम एक ऐसा समावेशी माहौल बनाना चाहते हैं जहां नियमित खेल, प्रोफेशनल कोचिंग और व्यवस्थित प्रतियोगिता के माध्यम से वह संस्कृति स्वाभाविक रूप से विकसित हो सके।”
धोनी ने कहा कि किसी खेल का विकास अच्छी सुविधाएं बनाने और अधिक लोगों की भागीदारी को प्रोत्साहित करने पर निर्भर करता है।
उन्होंने कहा, “खेल को विकसित करने का कोई शॉर्टकट नहीं है। अच्छे कोर्ट बनाएं, उन पर खेलने वाले लोगों का ध्यान रखें, जो भी इसे आज़माना चाहे उसके लिए दरवाजे खुले है, और खेल जमीनी स्तर से ऊपर की ओर बढ़ेगा।”
