प्रतापसागर में मिला चार दिन से लापता युवक का शव, शहर में शोक का माहौल

छतरपुर। शहर के प्रतापसागर (बड़े तालाब) में शनिवार को चार दिनों से लापता युवक फरीद का शव बरामद होने से सनसनी फैल गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम लगातार चार दिन से उसकी तलाश में जुटी हुई थी। शव मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

 

पुलिस को जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज मिले, जिनमें फरीद मंगलवार रात तालाब की दिशा में जाता हुआ दिखाई दिया। इसके अलावा तालाब किनारे उसकी स्कूटी और चप्पलें भी मिली थीं। इन साक्ष्यों के आधार पर शुरू से ही यह आशंका जताई जा रही थी कि युवक ने तालाब में छलांग लगाई होगी। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अरविंद दांगी के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद से ही एसडीआरएफ और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में लगी थी।

 

परिजनों ने बताया कि फरीद मेडिकल क्षेत्र से जुड़ा हुआ था। मंगलवार रात करीब 10:30 बजे वह अपनी दुकान से निकला था और पहले अपने मालिक को घर छोड़कर आया। इसके बाद उसने परिवार से फोन पर कहा था कि वह थोड़ी देर में लौटेगा, लेकिन कुछ समय बाद उसका मोबाइल व्यस्त आने लगा और फिर बंद हो गया।

 

परिवार के अनुसार युवक का विवाह आगामी मार्च माह में तय था। फरीद के चाचा मोहम्मद सलीम ने बताया कि परिवार इस घटना से गहरे सदमे में है और किसी पारिवारिक या व्यक्तिगत तनाव की जानकारी से इनकार किया है।

 

फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना ने पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल बना दिया है।

Next Post

चार साल बाद रफ्तार में आया छतरपुर का सीवर प्रोजेक्ट, तालाबों को मिलेगी नई ज़िंदगी

Sat Jan 17 , 2026
छतरपुर। शहर के तालाबों को प्रदूषण से बचाने के लिए वर्ष 2022 में मंजूर किया गया सीवर प्रोजेक्ट लंबे समय तक फाइलों में अटका रहा। तकनीकी खामियों, डीपीआर में देरी और बार-बार टेंडर निरस्त होने के कारण यह महत्वाकांक्षी योजना करीब चार साल तक शुरू नहीं हो सकी। अब नगर […]

You May Like