
नई दिल्ली / पौड़ी गढ़वाल:उत्तराखंड एडवरटाइजिंग क्लब (यूकेएसी), दिल्ली, जिसकी स्थापना उत्तराखंड के निवासियों के लिए, दिल्ली के प्रवासी उत्तराखंडियों द्वारा कुछ सकारात्मक करने के उद्देश्य से की गई है, लगातार समाजहित में उल्लेखनीय कार्य कर रहा है। इसी क्रम में यूकेएसी ने शिक्षा के क्षेत्र में एक और प्रेरणादायी कदम उठाया है। गत सप्ताह यूकेएसी के प्रमुख सदस्य एवं डिश टीवी के चेयरमैन, पूर्णकालिक निदेशक एवं सीईओ मनोज डोभाल द्वारा पौड़ी गढ़वाल जनपद के घुड़दौड़ी गांव स्थित सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय के 12 विद्यार्थियों की एक वर्ष की शिक्षा शुल्क के रूप में 82,800 का प्रतीकात्मक चैक विद्यालय प्रबंधन को सौंपा गया।
इस संकल्प के तहत जनवरी 2026 की 12 विद्यार्थियों की फीस विद्यालय के खाते में जमा करा दी गई है। आर्थिक अभाव के कारण जिन विद्यार्थियों की पढ़ाई बाधित होने की आशंका थी, उनकी शिक्षा को निरंतर बनाए रखने की दिशा में यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है।यूकेएसी शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम मानते हुए उत्तराखंड के विभिन्न स्कूलों एवं कॉलेजों में कौशल विकास, आत्मविश्वास निर्माण और लक्ष्य निर्धारण से जुड़े सत्रों का नियमित आयोजन करता आ रहा है। संगठन ने भविष्य में भी इसी भावना के साथ अपने प्रयास जारी रखने का संकल्प दोहराया है।
