शैलेश कुशवाहा और अंकिता ध्यानी ने जीते भारतीय एलीट वर्ग के खिताब

नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (वार्ता) बीस वर्षीय शैलेश कुशवाहा ने दिल्ली हाफ मैराथन में रविवार को पुरुषों की भारतीय एलीट स्पर्धा में बेहद करीबी मुकाबले के बाद एक घंटा पांच मिनट पांच सेकंड के समय के साथ जीत दर्ज की। उन्होंने आधी दूरी के बाद पांच धावकों के अग्रणी समूह से अलग होकर बढ़त बनाई और अंत तक इसे कायम रखा। गौरव माथुर एक घंटा पांच मिनट 11 सेकंड के समय के साथ उनसे छह सेकंड पीछे दूसरे स्थान पर रहे, जबकि हेमंत सिंह ने एक घंटा पांच मिनट 37 सेकंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
कुशवाहा ने कहा, “65वीं राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप 2026 में अपने प्रदर्शन से मैं खुश नहीं था, इसलिए इस दौड़ में अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए उत्सुक था। दौड़ की शुरुआत में ही बढ़त बनाकर अधिकांश समय आगे रहना आसान नहीं होता। इसके लिए आत्मविश्वास की जरूरत होती है, लेकिन आज मैं ऐसा कर सका। मुझे दबाव महसूस हो रहा था, क्योंकि गौरव अंत तक मेरे ठीक पीछे बने हुए थे।”
अमेरिका में प्रशिक्षण लेने वाली विश्व विश्वविद्यालय खेलों की स्टीपलचेज स्पर्धा की रजत पदक विजेता अंकिता ध्यानी ने महिला भारतीय एलीट वर्ग में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने शुरुआती दौर में ही भारतीय धाविकाओं से बढ़त बना ली और अंतरराष्ट्रीय एलीट धाविकाओं के साथ दौड़ते हुए एक घंटा 12 मिनट 46 सेकंड में खिताब जीता। उन्होंने अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ समय में पांच मिनट से भी अधिक का सुधार किया।
अपनी पहली हाफ मैराथन दौड़ रहीं सोनिया ने एक घंटा 14 मिनट 56 सेकंड के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल किया, जबकि भागीरथी एक घंटा 15 मिनट 51 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। पूर्व चैंपियन लिली दास ने एक घंटा 16 मिनट 20 सेकंड का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय दर्ज करते हुए चौथा स्थान हासिल किया।
अंकिता ने कहा, “मैं अच्छी ट्रेनिंग कर रही हूं। सच कहूं तो जिस तरह मेरी तैयारी चल रही थी, उसे देखते हुए मुझे लगता है कि मैं थोड़ा और बेहतर प्रदर्शन कर सकती थी। अगर भारतीय महिला धाविकाएं हाफ मैराथन पर अधिक ध्यान दें, तो जल्द ही राष्ट्रीय रिकॉर्ड टूटता हुआ दिखाई देगा। मुझे बहुत खुशी है कि पोडियम पर हम तीनों उत्तराखंड से हैं। राज्य हमें काफी सहयोग देता है और हम इस उपलब्धि से खुश हैं।”
भारतीय एलीट वर्ग में पुरुषों और महिलाओं के शीर्ष तीन खिलाड़ियों को क्रमशः 3,50,000 रुपये, 2,50,000 रुपये और 1,50,000 रुपये दिए गए।

.....

Next Post

भीड़ के ऊपर से ट्रक दौड़ता रहा, लोग चीखते रहे

Sun Oct 18 , 2026
ग्वालियर। शीतला माता मंदिर पर आज तड़के हुए भीषण हादसे के बाद नवभारत प्रतिनिधि जब मौके पर पहुंचा, तो कई लोग इस हादसे को याद करने या उसके बारे में बोलने को स्थिति में नहीं थे। आसपास के लोगों ने बताया कि दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ट्रक के नीचे […]

You May Like