इंदौर: शहर में फायर सेफ्टी , राजस्व प्रकरणों में समय सीमा और छात्रावासों में ‘अपनत्व’ अभियान फिर से शुरू करने के आदेश कलेक्टर ने मातहत अधिकारियों को दिए है. उक्त आदेश आज समय सीमा बैठक में जारी किए. साथ ही सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों को प्राथमिकता से निराकरण नहीं करने पर कई अधिकारियों को नोटिस एवं जुर्माना लगाने के निर्देश दिए.
कलेक्टर शिवम वर्मा ने आज कार्यालय में समय-सीमा (टीएल) पत्रों की समीक्षा बैठक की. समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने छह प्रकरणों का रेंडम परीक्षण किया. इसमें लापरवाही पाए जाने पर लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री को कारण बताओ नोटिस, नगर निगम जोन क्रमांक-18 के जोनल अधिकारी पर दोगुनी पेनल्टी तथा स्वास्थ्य विभाग लेवल-1 अधिकारी के खिलाफ भी नियमानुसार पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए.
बैठक में फायर सेफ्टी को लेकर सभी एसडीएम को सप्ताह में कम से कम दो दिन विशेष अभियान चलाकर फायर सेफ्टी मानकों का पालन कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जिन भवनों में बेसमेंट पार्किंग के लिए स्वीकृत है, वहां उसका उपयोग केवल पार्किंग के लिए ही कराया जाए. बैठक में जिला पंचायत सीईओ सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, एडीएम रोशन राय, निगम अपर आयुक्त आकाश सिंह, श्रृंगार श्रीवास्तव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे. कलेक्टर कार्यालय परिसर से बाहर पदस्थ अधिकारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए.
अधिकारी छात्रावासों का नियमित भ्रमण करें
बैठक में नए शैक्षणिक सत्र में छात्रावासों में ‘अपनत्व अभियान’ पुनः शुरू करने का निर्णय भी लिया गया. कलेक्टर वर्मा ने निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों के अधिकारी छात्रावासों का नियमित भ्रमण कर पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, भोजन, सुरक्षा सहित मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करें.
