राष्ट्रमंडल खेलों के लिए रोहित राजपाल शेफ डी मिशन नियुक्त

नयी दिल्ली, 15 जून (वार्ता) भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की कार्यकारी समिति के सदस्य, भारतीय डेविस कप टीम के कप्तान तथा ऑल इंडिया टेनिस एसोसिएशन (एआईटीए) के उपाध्यक्ष रोहित राजपाल को राष्ट्रमंडल खेलों के लिए शेफ डी मिशन नियुक्त किया गया है। वर्ष 2026 के राष्ट्रमंडल खेल 23 जुलाई से 2 अगस्त 2026 तक स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित होंगे, जिनमें राष्ट्रमंडल के 74 देशों और क्षेत्रों के लगभग 3,000 खिलाड़ी भाग लेंगे।दिल्ली ओलंपिक एसोसिएशन (डीओए) और दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग (डीपीवीएल) के नेतृत्व ने आगामी राष्ट्रमंडल खेलों के लिए भारतीय दल के शेफ डी मिशन नियुक्त किए जाने पर रोहित राजपाल को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
शेफ डी मिशन के रूप में रोहित राजपाल भारतीय दल के संचालन और समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वह पूरे खेलों के दौरान खिलाड़ियों को आवश्यक मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान करने के साथ यह सुनिश्चित करेंगे कि भारतीय खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें। बैठक के दौरान दिल्ली प्रो वॉलीबॉल लीग के सह-संस्थापकों ने राजपाल के समक्ष डीपीवीएल के विजन, उद्देश्यों और भविष्य की कार्ययोजना प्रस्तुत की। इस पहल की सराहना करते हुए राजपाल ने वॉलीबॉल खिलाड़ियों के लिए संरचित अवसर उपलब्ध कराने और दिल्ली सहित देश के खेल पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करने के लिए लीग के प्रयासों की प्रशंसा की। उन्होंने खिलाड़ियों के विकास और जमीनी स्तर पर खेल को बढ़ावा देने के प्रति लीग की प्रतिबद्धता की भी सराहना की।
बैठक के दौरान दिल्ली में वॉलीबॉल की वर्तमान स्थिति और इसके भविष्य पर भी विस्तृत चर्चा हुई। खेल के क्षेत्र में अपने अनुभव के आधार पर संजीव शर्मा और दिल्ली वॉलीबॉल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष कुलदीप वत्स ने राजधानी में वॉलीबॉल के विकास और विस्तार को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव भी साझा किए। बैठक में युवा प्रतिभाओं के लिए अधिक अवसर सृजित करने तथा दिल्ली में एक मजबूत खेल पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने की साझा प्रतिबद्धता पर भी जोर दिया गया। बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने विश्वास व्यक्त किया कि रोहित राजपाल के नेतृत्व में भारतीय दल आगामी राष्ट्रमंडल खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन, समर्पण और खेल भावना के माध्यम से देश को गौरवान्वित करेगा।

.....

Next Post

अंडर-17 वर्ल्ड कुश्ती चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम घोषित

Mon Jun 15 , 2026
नयी दिल्ली, 15 जून (वार्ता) रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (डब्ल्यूएफआई) ने बाकू, अज़रबैजान में 27 जुलाई से 2 अगस्त, 2026 तक होने वाली आगामी अंडर -17 वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप के लिए पूरी भारतीय टीम की सोमवार को घोषणा की। सोनीपत और लखनऊ में तीनों कैटेगरी में कड़े नेशनल सिलेक्शन ट्रायल्स […]

You May Like