
शंघाई, 09 अक्टूबर (वार्ता) जर्मनी के स्टार टेनिस खिलाड़ी एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने शंघाई मास्टर्स टूर्नामेंट मैच के दौरान कोर्ट पर लड़खड़ाकर गिरने के बावजूद मामूली चोट से उबरते हुए अपने मैच में जीत दर्ज की।
दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने चीन के वाइल्डकार्ड खिलाड़ी वू यिबिंग को सीधे सेटों में 6-4, 7-6 (7-4) से हराकर तीसरे दौर में प्रवेश किया। यह मुकाबला एक घंटा 36 मिनट तक चला।
मुकाबले के दौरान गिरने के बावजूद ज़्वेरेव ने कोई मेडिकल टाइम-आउट नहीं लिया।
इस साल अपनी 30वीं हार्ड-कोर्ट जीत के बाद ज़्वेरेव ने कहा, “वह हर गेंद को पूरी ताकत से मारता है, इसलिए आपकी सर्विस के अलावा मैच का नतीजा आप पर बहुत ज़्यादा निर्भर नहीं करता। मुझे लगा कि मेरी सर्विस ठीक थी, लेकिन बाकी सब कुछ उसके हाथ में था और वह दूसरे सेट में अच्छा खेल रहा था, इसलिए मुझे खुशी है कि मैंने सीधे सेटों में जीत हासिल की।”
