हरारे, 05 अक्टूबर (वार्ता) जाहज़रा क्लैक्सटन (तीन विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन के बाद एबोनी ब्रेथवेट (57) रनों की अर्धशतकीय पारी के दम पर वेस्टइंडीज की महिला टीम ने सोमवार को दूसरे टी-20 मुकाबले में जिम्बाब्वे को 65 गेंदें शेष रहते आठ विकेट से हरा दिया। इसी के साथ वेस्टइंडीज ने तीन मैचों की सरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली है। ब्रेथवेट को उनकी शानदार पारी के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।
आज यहां टॉस जीतकर वेस्टइंडीज की महिला टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे क महिला टीम ने केलिस नधलोवु (25), बिलवड बिजा (35) और चिपो मुगेरी-टिरिपानो (25) की पारियों के सहयोग से निर्धारित 20 ओवरों में सात विकेट पर 106 रनों का स्कोर बनाया। जिम्बाब्वे के पांच बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके। वेस्टइंडीज के लिए जाहजरा क्लेक्सटन ने 14 रन देकर तीन विकेट लिये। स्टेफ़ानी टेलर और एफी फ्लेचर ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की महिला टीम ने 9.1 ओवर में दो विकेट पर 108 रन बनाकर मुकाबला और सीरीज अपने नाम कर लिया। वेस्टइंडीज के लिए एबोनी ब्रेथवेट ने 23 गेंदों में तीन चौके और छह छक्कों की मदद से (57) रन बनाये। रियालियाना ग्रिमंड ने 16 गेंदों में ( नाबाद 23) रनों की पारी खेली।
जिम्बाब्वे की महिला टीम के लिए क्रिस्टीन मुतासा और कुड्ज़ाई चिगोरा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
