भोपाल: बहुचर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में रविवार को एम्स भोपाल में दोबारा पोस्टमार्टम किया गया। इसी बीच परिवार ने मीडिया को जानकारी दी है कि पोस्टमार्टम पूरा होने के बाद आज शाम पांच बजे भदभदा श्मशान घाट में ट्विशा शर्मा का अंतिम संस्कार किया जाएगा।ट्विशा के भाई मेजर हर्षित शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पार्थिव देह को अंतिम संस्कार के लिए भदभदा घाट ले जाया जाएगा।
मामले को लेकर परिवार और समर्थकों में गहरा आक्रोश और शोक का माहौल बना हुआ है।गौरतलब है कि ट्विशा शर्मा की 12 मई की रात कटारा हिल्स स्थित घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मामले में मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताई है, जबकि ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
