500 रुपये से शुरू हुआ सफर, आज करोड़ों का साम्राज्य, आज बॉलीवुड में अपनी पहचान बना चुकी हैं सयानी गुप्ता

मुंबई, बॉलीवुड एक्ट्रेस और सिंगर सयानी गुप्ता ने महज 5 साल की उम्र में वॉयस ओवर से अपने करियर की शुरुआत की थी। आज वह 40 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी की मालकिन हैं।

भारतीय सिनेमा में अपनी बेहतरीन एक्टिंग और सुरीली आवाज से खास पहचान बनाने वाली सयानी गुप्ता की गिनती आज बॉलीवुड की सबसे प्रतिभाशाली एक्ट्रेसेस में होती है। उन्होंने अपनी मेहनत और हुनर के दम पर इंडस्ट्री में एक मजबूत मुकाम हासिल किया है।

बहुत कम लोग जानते हैं कि पर्दे पर अपनी एक्टिंग का जादू चलाने वाली सयानी ने अपने करियर की शुरुआत बचपन में ही कर दी थी। ऑल इंडिया रेडियो के स्टूडियो से शुरू हुआ यह सफर आज सफलता की एक नई मिसाल बन चुका है।

आल इंडिया रेडियो से हुई थी पहली सैलेरी की शुरुआत
सयानी गुप्ता का बचपन संगीत और कला के माहौल में बीता। उनके पिता एक जाने-माने अनाउंसर, कम्पोजर और सिंगर थे। इसी वजह से सयानी का ज्यादातर समय ऑल इंडिया रेडियो के स्टूडियो में बीतता था। महज 5 साल की छोटी सी उम्र में उन्होंने ऑडियो और वॉयस असाइनमेंट में काम करना शुरू कर दिया था।

अपने हुनर के बल पर उन्होंने अपनी पहली कमाई के रूप में 500 रुपये हासिल किए थे। इस छोटे से पड़ाव ने उनके अंदर कला और एक्टिंग के प्रति एक गहरा लगाव पैदा कर दिया था।

फिल्में और वेब सीरीज में जमाया धाकड़ कब्जा
साल 2012 में फिल्म ‘सेकेंड मैरिज डॉट कॉम’ से सयानी ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने ‘बार बार देखो’, अक्षय कुमार की ‘जॉली LLB 2’ और ‘आर्टिकल 15’ जैसी कई फेमस फिल्मों में अपनी सशक्त भूमिकाओं से दर्शकों और समीक्षकों का ध्यान खींचा।

फिल्मों के अलावा शॉर्ट फिल्मों और वेब सीरीज में भी उनकी एक्टिंग को खूब सराहा गया। उनकी हर भूमिका में एक नयापन और संजीदगी देखने को मिलती है, जिसने उन्हें दर्शकों के बीच पॉपुलर बना दिया।

एक्टिंग के साथ-साथ सुरीली आवाज का भी बिखेरा जादू
सयानी केवल एक बेहतरीन एक्ट्रेस ही नहीं हैं, बल्कि उनकी आवाज में भी एक खास कशिश है। उन्होंने आयुष्मान खुराना की फिल्म ‘आर्टिकल 15’ के लिए ‘कहब तोह’ गाना गाकर अपनी गायकी का लोहा मनवाया था।

इसके अलावा उन्होंने फेमस शो ‘फोर मोर शॉट्स प्लीज’ के साउंडट्रैक के लिए बैकग्राउंड वॉयस भी दी है। कला के अलग-अलग क्षेत्रों में उनकी यह बहुमुखी प्रतिभा उन्हें अन्य कलाकारों से अलग खड़ा करती है।

10 साल की मेहनत और करोड़ों की संपत्ति की मालकिन
मनोरंजन इंडस्ट्री में एक दशक से ज्यादा का समय बिता चुकीं सयानी गुप्ता ने अपनी मेहनत के बल पर एक बड़ा साम्राज्य खड़ा किया है। खबरों के अनुसार 38 वर्ष की उम्र तक पहुंचते-पहुंचते उन्होंने लगभग 5 मिलियन डॉलर यानी करीब 40 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति इकट्ठी कर ली है। हाल ही में उन्हें नंदिता दास की फिल्म ‘ज्विगाटो’ में देखा गया था।

Next Post

न्यू मार्केट में भीषण आग से मची अफरा-तफरी, आग की चपेट में आई 6 दुकानें

Fri Oct 9 , 2026
भोपाल के न्यू मार्केट में गुरुवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब ‘बालाजी छोले-भटूरे’ की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई।देखते ही देखते आग की लपटें करीब 25 फीट तक उठने लगीं और धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर एमपी नगर से भी नजर आया।बताया जा रहा […]

You May Like