इंदौर: एरोड्रम थाना क्षेत्र में कपड़ा ब्रोकर की पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक उसकी मौत दम घुटने से हुई. पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है, जानकारी के अनुसार कालानी नगर में रहने वाले सचिन चोपड़ा कपड़ा बाजार में ब्रोकर का काम करता था. बुधवार सुबह करीब 11 बजे उसकी मां उसे देखने कमरे में पहुंची तो वह बिस्तर पर अचेत पड़ा था. उन्होंने पड़ोसियों और रिश्तेदारों को सूचना दी. इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी.
पुलिस जांच में सामने आया कि सचिन की पत्नी प्रज्ञा से अनबन चल रही थी और वह लंबे समय से अपने पांच साल के बेटे के साथ मायके में रह रही थी. पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि पारिवारिक विवाद का इस हत्या से कोई संबंध है या नहीं. मामले में पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से एक संदिग्ध सुराग मिला है. मंगलवार देर रात सचिन अपने एक परिचित के साथ घर आया था और दोनों एक ही कमरे में सोए थे. लेकिन सुबह 7.40 बजे सीसीटीवी फुटेज में वह व्यक्ति घर से जाता हुआ दिखाई दिया. पुलिस को संदेह है कि हत्या उसी ने की है. मामले में पुलिस जांच कर रह ही है.
