
सतना। माध्यमिक शिक्षा मंडल म.प्र. भोपाल द्वारा मंगलवार की सुबह हाईस्कूल एवं हायर सेकेण्डरी की बोर्ड परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। सतना के राजेन्द्र नगर गली नम्बर 10 में रहने वाली दीपिका सिंह ने विज्ञान, गणित समूह में जीव विज्ञान संकाय में 483 अंक अर्जित कर प्रदेश की प्रवीण्य सूची में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। दीपिका डॉक्टर मरीजों की सेवा करना चाहती है। दीपिका सिंह ने बताया कि उनके पिता दीपक सिंह आनलाइन शाप चलाने के साथ ही बीमा सलाहकार का कार्य करते हैं। उनकी माता प्राइवेट स्कूल में शिक्षिका है।
दीपिका ने बताया कि 12वीं कक्षा की पढाई शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय व्यंकट क्रमांक-1 से की है। इस उपलब्धि को हासिल करने के लिए मैं प्रतिदिन 5 से 6 घंटे पढ़ाई करती थी। गुरूजनों द्वारा जो स्कूल में मुझे जा पढाया जाता था। उसका मैं नियमित रूप से अभ्यास करती थी। जो प्रश्न मुझे समझ में नही आते थे, उसे गुरूजनों से पूछकर हल किया। इसके साथ ही माता-पिता का भी समय-समय पर सहयोग मिलता रहा। जिसका परिणाम रहा कि प्रदेश की प्रवीण्य सूची में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ है। दीपिका ने बताया कि मैं डाक्टर बनकर मरीजों की सेवा करना चाहती हूं। इसके लिए नीट की तैयारी कर रही हूं। दीपिका ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों तथा माता-पिता को दिया है।
