22 महीने में 99 प्रतिशत गांवों में पहुंचा 5 जी: सिंधिया

नयी दिल्ली 06 मई (वार्ता) केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज यहां कहा कि केवल 22 महीनों में 99 प्रतिशत गांवों को 5जी से जोड़ दिया गया और 82 प्रतिशत आबादी को नेटवर्क पर लाया गया है।

श्री सिंधिया ने यहां भारत टेलीकॉम 2025 का उद्घाटन करते हुए कहा कि 470,000 टावर लगाए हैं और यह विकास नहीं बल्कि एक दूरसंचार क्रांति है। पूरे भारत में जो डिजिटल हाईवे बनाया गया है, वह केवल संचार के संदर्भ में नहीं है- यह एक ऐसा मजबूत बुनियादी ढांचा है जो 1.4 अरब नागरिकों को स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, शासन और आर्थिक अवसर तक पहुंच प्रदान करके सशक्त बनाता है।

उन्होंने प्रगतिशील सुधारों और उत्पादन से जुड़े प्रोत्साहनों द्वारा समर्थित दूरसंचार निर्यातक और नवाचार के केंद्र के रूप में भारत की बढ़ती भूमिका का उल्‍लेख किया। उन्‍होंने कहा कि केवल गांवों को ही नहीं जोड़ रहे हैं अपितु भविष्य को भी जोड़ रहे हैं। जो भी टावर लगाते हैं, जो भी बाइट भेजते हैं, वह 1.4 अरब लोगों को अवसर के करीब लाता है। उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी का साहसिक दृष्टिकोण और दृढ़ संकल्प है जिसने भारत को एक डिजिटल अनुयायी से वैश्विक डिजिटल प्रमुख के रूप में परिवर्तित कर दिया है, आकांक्षाओं को बुनियादी ढांचे में और नीति को प्रगति में बदल दिया है।

श्री सिंधिया ने वैश्विक डिजिटल महाशक्ति के रूप में भारत के असाधारण उदय पर बल देते हुए इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व को दिया। उन्होंने बताया कि भारत ने न केवल 4जी और 5जी जैसे क्षेत्रों में दुनिया के साथ कदमताल की है, बल्कि अब वह इस क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है, जिसमें व्यापक सुधार और तकनीकी नवाचार देश की प्रगति को आकार दे रहे हैं। श्री सिंधिया ने एक परिवर्तनकारी शक्ति के रूप में भारत के दूरसंचार क्षेत्र की भूमिका को रेखांकित करते हुए 1990 के दशक में महंगे, सीमित मोबाइल एक्सेस से लेकर अब दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा दूरसंचार बाजार और सबसे सस्ता डेटा प्रदाता बनने तक के देश के विकास की जानकारी भी दी।

दूरसंचार उपकरण एवं सेवा निर्यात संवर्धन परिषद (टीईपीसी) द्वारा दूरसंचार विभाग (डीओटी) के सहयोग से आयोजित भारत टेलीकॉम 2025 भारत के दूरसंचार विनिर्माण, सेवाओं और निर्यात के लिए वैश्विक केंद्र बनने के दृष्टिकोण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

संचार राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्रशेखर ने कहा कि किसी राष्ट्र की यात्रा में ऐसे क्षण आते हैं, जब वह न केवल वैश्विक वार्तालापों में भाग लेता है, बल्कि उनका मार्ग भी निर्धारित करता है। आज भारत न केवल एक बाजार या उपभोक्ता के रूप में, बल्कि विश्वस्तरीय दूरसंचार समाधानों के निर्माता, साझेदार और विश्वसनीय प्रदाता के रूप में भी तैयार है। राष्‍ट्र का परिदृश्‍य ऐतिहासिक रूप से भारत के लिए निर्मित से भारत द्वारा निर्मित में बदल चुका है।

डॉ. चंद्रशेखर ने कहा कि भारत वैश्विक दूरसंचार क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण परिवर्तन से गुजर रहा है, जो उपभोक्ता से प्रौद्योगिकी के निर्माता के रूप में विकसित हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह प्रगति एक दशक पहले शुरू की गई डिजिटल इंडिया पहल से प्रेरित थी और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में आगे की सोच वाली सरकारी नीतियों द्वारा समर्थित थी। उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना, प्रगतिशील स्पेक्ट्रम प्रबंधन और दूरसंचार प्रौद्योगिकी विकास कोष जैसी पहलों का उद्धरण देते हुए उन्होंने घरेलू विनिर्माण, निर्यात और नवाचार में भारत की उल्‍लेखनीय वृद्धि की ओर संकेत किया। उन्होंने कहा कि भारत अब वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, जिसमें दुनिया के 15 प्रतिशत आईफोन का उत्पादन करना शामिल है। उन्होंने डिजिटल संप्रभुता को मजबूत करने के लिए 6जी नेतृत्व, सैटेलाइट ब्रॉडबैंड विस्तार और क्वांटम संचार नेटवर्क पर देश के भविष्य के ध्‍यान को केंद्रित करने पर जोर दिया।

Next Post

लंदन में चार महीने तक इलाज कराने के बाद बंगलादेश लौटी खालिदा जिया

Tue May 6 , 2025
ढाका,06 मई (वार्ता) बंगलादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया ब्रिटेन की राजधानी लंदन में चार महीने तक इलाज कराने के बाद मंगलवार को ढाका लौट आईं जिससे देश की अंतरिम सरकार पर राष्ट्रीय चुनाव की तारीख तय करने का दबाव बढ़ गया है। सुश्री जिया (78) की वापसी ऐसे समय […]

You May Like