चार की क्षमता, लिफ्ट में सवार थे सात, दूसरी मंजिल से नीचे गिरी, पहले भी दो बार गिर चुकी

इंदौर. नवलखा के स्नेह नगर स्थित नवलखा कॉम्प्लेक्स में मंगलवार को क्षमता से अधिक लोगों के सवार होने के बाद लिफ्ट दूसरी मंजिल से नीचे जा गिरी. लिफ्ट में सात लोग मौजूद थे, जबकि बाहर लगे नोटिस में अधिकतम चार लोगों के सवार होने की चेतावनी दी गई है. हादसे में सातों घायल हुए हैं। इनमें एक व्यक्ति के पैर में गंभीर चोट आई है. घायलों में पंजाब से आए छह मेहमान भी शामिल हैं.

हादसा दोपहर का बताया जा रहा है. सभी लोग दूसरी मंजिल से नीचे आ रहे थे. इसी दौरान लिफ्ट में अचानक आवाज हुई और वह नीचे गिर गई. अंदर मौजूद लोग घबरा गए और मदद के लिए आवाज लगाने लगे. चौकीदार लखन ने बताया कि लिफ्ट ओवरलोड होने के कारण यह स्थिति बनी. सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है. घायलों में अंकित पिता सोहन ढीगरा, मुस्कान खीर, हरविंदर कुमार, रमेश कुमार, शुभम, आशा और अनिता शामिल हैं. अंकित को ज्यादा चोट आई है. बताया जा रहा है कि ये लोग मनोज ढीगरा से मिलने आए थे और इनमें छह लोग पंजाब से इंदौर आए हुए थे. मामले में जूनी इंदौर थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी, सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा है. लिफ्ट के ओवरलोड होने और उसकी पुरानी स्थिति सहित हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.

लिफ्ट पर चार लोगों की क्षमता का नोटिस…

कॉम्प्लेक्स में ए, बी, सी और डी चार ब्लॉक हैं. डी ब्लॉक में लगी लिफ्ट करीब 40 साल पुरानी बताई जा रही है. लिफ्ट के बाहर अधिकतम चार लोगों के जाने की चेतावनी वाला नोटिस लगा है. इसके बावजूद हादसे के समय सात लोग उसमें सवार थे. रहवासियों ने पुलिस को बताया कि इसी ब्लॉक की लिफ्ट पहले भी दो बार नीचे गिर चुकी है. कॉम्प्लेक्स की बिल्डिंग भी 50 साल से अधिक पुरानी बताई जा रही है. यहां लिफ्ट के रखरखाव को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. बताया गया कि काफी समय से कुछ लोग मेंटेनेंस की राशि जमा नहीं कर रहे हैं.

Next Post

जनसुनवाई में 126 शिकायतें, जमीन से लेकर पारिवारिक विवाद तक

Tue Sep 22 , 2026
इंदौर. पुलिस कमिश्नर की जनसुनवाई में मंगलवार को 126 शिकायतें पहुंचीं. इनमें जमीन और मकान से जुड़े विवाद व धोखाधड़ी के साथ पति-पत्नी, बेटा-बहू के बीच विवाद, पैसों के लेन-देन, साइबर और आर्थिक धोखाधड़ी की शिकायतें प्रमुख रहीं. सोलर पैनल लगाने के नाम पर धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत भी […]

You May Like