चीन में होने वाले शिखर सम्मेलन के दौरान बैठक कर सकते हैं ट्रम्प, चिनपिंग और पुतिन

वाशिंगटन, 14 नवंबर (वार्ता) अमेरिका राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग अगले सप्ताह चीन में होने वाले शिखर सम्मेलन के दौरान मुलाकात कर सकते हैं। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता ओलिविया वेल्स ने संवाददाताओं को बताया कि अमेरिका, रूस और चीन के राष्ट्राध्यक्षों के बीच यह ऐतिहासिक बैठक श्री ट्रंप की एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग (एपेक) शिखर सम्मेलन में भाग लेने के दौरान दक्षिणी शहर शेनझेन में होगी। उन्होंने कहा, “राष्ट्रपति ने स्पष्ट कर दिया है कि अन्य मुद्दों के साथ-साथ वह दुनिया में परमाणु हथियारों की संख्या कम करने पर चर्चा करेंगे। राष्ट्रपति ट्रंप का मानना है कि परमाणु हथियारों का प्रसार बेहद खतरनाक है।”

बताया जा रहा है कि दुनिया की तीन प्रमुख परमाणु शक्तियों के नेताओं की इस बैठक में ईरान के मुद्दे पर भी चर्चा हो सकती है, लेकिन यूक्रेन का मुद्दा इसमें शामिल नहीं होगा। हालांकि, रूस और चीन की ओर से इस बारे में अभी कोई टिप्पणी नहीं आयी है। बीबीसी ने मीडिया रिपोर्टों के हवाले से बताया है कि अमेरिका के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि इस बातचीत के बाद किसी समझौते की उम्मीद नहीं है। श्री ट्रंप बुधवार देर रात शेनझेन पहुंचेंगे, जहां 21 सदस्य देशों का दो दिवसीय शिखर सम्मेलन आयोजित होगा। वह गुरुवार को शी जिनपिंग के साथ द्विपक्षीय वार्ता भी करेंगे। वर्ष 2025 में दोबारा राष्ट्रपति पद संभालने के बाद श्री शी जिनपिंग के साथ यह उनकी चौथी मुलाकात होगी। सुश्री वेल्स ने कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप अपनी चीन यात्रा का समापन चीन के राष्ट्रपति और रूस के राष्ट्रपति के साथ त्रिपक्षीय बैठक के साथ करेंगे।”

उन्होंने कहा कि श्री ट्रंप इस यात्रा के दौरान मंगलवार को फिलीपींस में दक्षिण-पूर्व एशियाई देशों के संगठन (आसियान) के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इस यात्रा का उद्देश्य अमेरिकी जनता के लिए ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल करना और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अमेरिका के हितों को आगे बढ़ाना है।
अमेरिका और रूस के बीच परमाणु हथियार नियंत्रण संधि फरवरी में समाप्त हो गयी थी। इसके बाद दुनिया के सबसे बड़े परमाणु हथियार भंडार वाले इन दोनों देशों के शस्त्रागार पर नियंत्रण रखने वाली प्रमुख व्यवस्थाएं खत्म हो गईं। इसके साथ ही शीत युद्ध को समाप्त करने में मदद करने वाला हथियार नियंत्रण सहयोग भी प्रभावी रूप से समाप्त हो गया।

संयुक्त राष्ट्र ने दोनों देशों से बिना किसी देरी के नया ढांचा तैयार करने पर सहमति बनाने का आग्रह किया है। हालांकि, श्री ट्रंप ने कहा था कि वह इस संधि की जगह एक बेहतर समझौता कर सकते हैं, जिसमें चीन को भी शामिल किया जाएगा। चीन लगातार अपने परमाणु हथियारों के भंडार का विस्तार कर रहा है। इससे पहले अमेरिका के पूर्व वरिष्ठ अधिकारियों और विश्लेषकों ने बीबीसी को बताया था कि इस समझौते में चीन और रूस का सहयोग हासिल करने की कोशिश में बड़ी बाधाएं आ सकती हैं और इसमें कई साल लग सकते हैं। इस वर्ष की शुरुआत में शी जिनपिंग ने कुछ ही दिनों के अंतराल पर बीजिंग में श्री पुतिन और श्री ट्रंप दोनों की अलग-अलग मेजबानी की थी। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति ने सितंबर में चीनी राष्ट्रपति का वाशिंगटन में स्वागत किया था।

वर्ष 2022 में यूक्रेन पर रूस के व्यापक सैन्य हमले के बाद चीन, रूस का एक महत्वपूर्ण व्यापारिक साझेदार बन गया है। इस हमले के कारण रूस अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग पड़ गया और उस पर पश्चिमी देशों ने कई प्रतिबंध लगा दिये। हालांकि, रूस से डीजल आयात करने के लिए अमेरिका के एक विवादास्पद समझौते और चीन सहित रूस के तेल एवं गैस के सबसे बड़े खरीदारों पर लगे प्रतिबंधों को निलंबित किए जाने से पिछले महीने यूरोपीय देशों की चिंताएं बढ़ गईं। इन घटनाक्रमों से ट्रंप प्रशासन के रूस के प्रति नरम होते रुख को लेकर यूरोप में चिंता पैदा हुई है।

इस बीच, श्री ट्रंप और श्री जिनपिंग ने इस वर्ष दोनों देशों के बीच संबंधों को बेहतर और सौहार्दपूर्ण दिखाने की कोशिश की है। हालांकि, व्यापार, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) में वर्चस्व की होड़ और ताइवान जैसे प्रमुख मुद्दों पर कोई खास प्रगति होती दिखाई नहीं दी है। ईरान में जारी युद्ध भी दोनों देशों के बीच मतभेद का एक प्रमुख मुद्दा रहा है। चीन ईरान के तेल का सबसे बड़ा खरीदार और उसका सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है। चीन के सरकारी मीडिया ने शुक्रवार को विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता के हवाले से बताया कि श्री जिनपिंग एपेक शिखर सम्मेलन के दौरान अलग-अलग द्विपक्षीय वार्ताओं में हिस्सा लेंगे। हालांकि, सरकारी मीडिया ने तीनों देशों के नेताओं के बीच प्रस्तावित त्रिपक्षीय बैठक का कोई उल्लेख नहीं किया। इस महीने की शुरुआत में क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने रूसी सरकारी मीडिया से कहा था कि शिखर सम्मेलन के दौरान ऐसी बातचीत के लिए नेताओं की सहमति की तैयारी की पुष्टि करने वाले संकेत मिले हैं।

.....

Next Post

सोन–तिपान संगम पर राव परिवार ने किया नागल चौथ पूजन

Sat Nov 14 , 2026
अनूपपुर। सोन–तिपान संगम पर दक्षिण भारतीय राव परिवार ने पारंपरिक श्रद्धा और विधि-विधान से नागल चौथ की पूजा-अर्चना की। इस दौरान महिलाओं ने नागदेव और माता गौरी की पूजा कर पति की लंबी उम्र, संतान की सुरक्षा और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। प्रकृति संरक्षण का दिया संदेश पूजन […]

You May Like