जबलपुर: पनागर थाना अंतर्ग परियट में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के वक्त पीडि़त परिवार अपने बच्चे के जन्मदिन का निमंत्रण कार्ड देने के लिए गया हुआ था।पुलिस के मुताबिक, परियट निवासी रवि साहू, मोबाइल रिपेयरिंग का काम करता हैं, आगामी दिनों में उनके बच्चे का जन्मदिन है। इसी सिलसिले में वे अपने घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगाकर, सपरिवार रिश्तेदारों को निमंत्रण देने गया हुआ था।
जब वे वापस लौटे और ताला खोलकर अंदर प्रवेश किया, तो घर के अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे में रखी अलमारी खुली हुई थी और उसके अंदर का सारा सामान फर्श पर अस्त-व्यस्त बिखरा पड़ा था। रवि साहू जब तफ्तीश करते हुए मकान की छत पर पहुंचा तो देखा कि छत के दरवाजे का कुंदा खुला हुआ था। शातिर चोर ने पहले छत के रास्ते घर में प्रवेश किया और फिर नीचे के कमरे तक पहुंचे। अलमारी में लॉक नहीं लगा था, इसलिए चोरों ने बिना किसी मशक्कत के उसमें रखे सोने के कीमती आभूषणों को पार कर दिया।
