ग्वालियर कृषि के क्षेत्र में पंजाब व हरियाणा से भी आगे जाएगा: सीएम डॉ. यादव

ग्वालियर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि ग्वालियर का नाम लेते ही गौरव की अनुभूति होती है। ग्वालियर की जितनी प्रसिद्धि संगीत सम्राट तानसेन से है, उतनी ही प्रसिद्धि यहाँ की गज़क और किसान व जवानों से भी है। शिक्षा, रक्षा, कृषि, फूड प्रोसेसिंग और दुग्ध उत्पादन में ग्वालियर संभाग पूरे प्रदेश में अग्रणी है। ग्वालियर कृषि के क्षेत्र में भी पंजाब और हरियाणा से आगे पहुँचेगा। डॉ. यादव डबरा तहसील प्रांगण में “बलराम कृषि महोत्सव” के तहत आयोजित हुए कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा वर्तमान वर्ष को किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसी के तहत किसानों की सेवा व समृद्धि के लिये “बलराम कृषि महोत्सव” मनाए जा रहे हैं। भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के साथ उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह भी उपस्थित थे।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि ग्वालियर तेजी के साथ विकास की ओर अग्रसर है। ग्वालियर टेलीकॉम इंडस्ट्रीज का भी बड़ा हब बनने जा रहा है। उन्होंने कहा ग्वालियर क्षेत्र का सेंडस्टोन, पीला सोना यानि सरसों, कनक जैसे गेहूँ और मसूर व चने ने ग्वालियर जिले का परचम पूरे देश में लहराया है। मुख्यमंत्री ने कहा ग्वालियर को मेट्रोपॉलिटन सिटी बनाने में प्रदेश सरकार हर संभव सहयोग करेगी।

मुख्यमंत्री ने ग्वालियर स्थित प्रदेश की सबसे बड़ी आदर्श गौशाला लाल टिपारा की भी सराहना की। उन्होंने कहा इस गौशाला से प्रेरणा लेकर प्रदेश में अन्य गौशालायें स्थापित हो रही हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम में मौजूद किसानों का आह्वान किया कि वे अपनी फार्मर आईडी अवश्य बनवाएं। यह आईडी किसान भाईयों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ-साथ उन्हें खेती किसानी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी उपलब्ध करायेगी। साथ ही कहा कि किसान भाई अपने खेत की ताकत पहचानें। केवल पारंपरिक फसलों पर निर्भर न रहकर फसल विविधीकरण व प्राकृतिक खेती अपनाएं और उन्नत पशुपालन करें। दुग्ध उत्पादन आर्थिक उन्नति का त्वरित माध्यम है।

*रबी फसलों की सिंचाई के लिये रात को भी मिलेगी बिजली*

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार किसान भाईयों को गेहूँ व चना इत्यादि रबी फसलों की सिंचाई के लिये अब दिन के समय भी बिजली उपलब्ध करायेगी। साथ ही कहा कि सरकार ने किसानों के हित में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वृंदावन गाँव स्थापित करने का महात्वाकांक्षी निर्णय लिया है। इससे गाँव की प्रगति होगी। इसी तरह शहरों में गीता भवन बनवाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर यह भी आह्वान किया कि किसान भाई अपनी जमीन सुरक्षित रखें और विवाहों में होने वाले फिजूलखर्च से बचें। अपने पुत्र-पुत्रियों का विवाह सामूहिक विवाह सम्मेलन में करें। मुख्यमंत्री ने सभी को रक्षाबंधन एवं जन्माष्टमी की बधाई भी दी।

*किसानों एवं उनके मेधावी बच्चों का हुआ सम्मान, प्रदर्शनियां लगीं*

डबरा मंडी प्रांगण में आयोजित हुए “बलराम कृषि महोत्सव” में अपेक्स बैंक के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव सहित अन्य अतिथियों ने भगवान बलराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर कृषि महोत्सव का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मंच से जिले के प्रगतिशील किसानों एवं किसानों के मेधावी बच्चों को सम्मानित किया। साथ ही सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ भी वितरित किए गए। इस अवसर पर नवीन कृषि तकनीकों, जैविक खेती, आधुनिक कृषि यंत्रों, ड्रोन तकनीक व उन्नत पशुपालन पर प्रदर्शनी भी लगाई गई। साथ ही कृषि विशेषज्ञों द्वारा किसानों को प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण एवं उन्नत कृषि की बारीकियां बताईं गईं।

Next Post

रीवा में बाढ़ प्राकृतिक पूर्णत कृतिम बाढ़ है: शर्मा

Tue Aug 25 , 2026
रीवा, रीवा शहर सहित सम्पूर्ण जिला कुछ घन्टों की बारिश से जल मग्न हो गया, लोगों को भीषण तबाही का सामना करना पड़ा, जहां कभी बाढ़ नही थी, वहां भी भीषण जल भराव के कारण तबाही देखने को मिली. रीवा शहर मे आई बाढ़ प्राकृतिक न होकर पूर्णत: कृतिम एवं […]

You May Like