
मैड्रिड, 29 नवंबर (वार्ता) स्पेन के मतदान केंद्रों पर आम चुनाव में रविवार को मतदान जारी है। स्पेन के सांसदों द्वारा देश के आवास कानूनों में प्रस्तावित बदलावों को खारिज किए जाने के बाद समाजवादी प्रधानमंत्री पेड्रो सांचेज़ ने आठ महीने पहले ही मतदान कराने का फैसला लिया था।
यह जानकारी बीबीसी से प्राप्त हुई। श्री सांचेज़ की पीएसओई पार्टी को कंजर्वेटिव पीपल्स पार्टी से कड़ी टक्कर मिलेगी जिसे बहुमत प्राप्त करने के लिए धुर-दक्षिणपंथी पार्टी ‘वॉक्स’ के समर्थन की ज़रूरत पड़ सकती है।
ओपिनियन पोल के अनुसार प्रधानमंत्री अपने प्रतिद्वंद्वी अल्बर्टो नुनेज़ फ़ेइजो की पार्टी से थोड़ा पीछे चल रहे हैं लेकिन शुक्रवार को श्री सांचेज़ ने अपने समर्थकों से कहा कि उन्हें जीत का पूरा भरोसा है।
लाखों स्पेनवासी आज 20:00 बजे (19:00 जीएमटी) तक अपना मतदान कर सकेंगे। मतदान खत्म होने के लगभग एक घंटे बाद शुरुआती नतीजे आने की उम्मीद है जबकि आधिकारिक नतीजे सोमवार तक आएंगे।
इस चुनाव प्रचार में सस्ते आवास की कमी सबसे प्रमुख मुद्दा रहा है; इसके बाद जीवन-यापन की बढ़ती लागत एवं आप्रवासन जैसे मुद्दे हैं।
प्रधानमंत्री सांचेज़ 2018 से सत्ता में हैं और एक ऐसे नेता साबित हुए हैं जो हर मुश्किल दौर से बच निकलने में माहिर हैं। गाज़ा में इज़रायल की कार्रवाई का विरोध करके और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की आलोचना करके उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी एक बड़ी पहचान बनाई है।
हालांकि आवास संकट, भ्रष्टाचार के मामलों और दो घातक रेल दुर्घटनाओं ने देश में उनकी छवि को नुकसान पहुंचाया है। अगर श्री सांचेज़ की पार्टी संसद में सबसे ज़्यादा सीटें जीतती है तो भी उनके लिए वामपंथी दलों का गठबंधन बनाना मुश्किल हो सकता है।
