फ्रांस से नीमच आए दंपति ने सरकारी स्कूल में बच्चों को पढ़ाई फ्रेंच, अब सीखेंगे भारतीय कुकिंग और जानेंगे गांव की संस्कृति

नीमच। फ्रांस के पेरिस के समीप रहने वाले विदेशी दंपति श्रील और क्लारा गुरुवार को 19 दिवसीय भारत भ्रमण के तहत नीमच पहुंचे। दो दिन के प्रवास के दौरान वे जिले की शिक्षा व्यवस्था, ग्रामीण संस्कृति और धार्मिक स्थलों का अनुभव लेंगे। नीमच पहुंचते ही दोनों मेहमान खड़ावदा के शासकीय प्राथमिक विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उन्हें फ्रेंच भाषा के कुछ सरल शब्द एवं वाक्य सिखाए। बच्चों ने भी उत्साह के साथ विदेशी मेहमानों से बातचीत की, जिससे विद्यालय का माहौल उत्साहपूर्ण बन गया।

इस दौरान नीमच के टूरिस्ट गाइड हिम्मत सिंह मौजूद रहे। उन्होंने विदेशी मेहमानों को भारतीय शिक्षा व्यवस्था, स्थानीय संस्कृति और ग्रामीण जीवन की विशेषताओं से अवगत कराया। श्रील और क्लारा फ्रांस में बीयर निर्माण का व्यवसाय संचालित करते हैं। भारत की संस्कृति, शिक्षा और परंपराओं को नजदीक से समझने की इच्छा से वे भारत यात्रा पर निकले हैं। अपने नीमच प्रवास के दौरान दोनों विदेशी मेहमान ग्रामीण परिवेश का अवलोकन करेंगे, स्थानीय लोगों से मिलेंगे और जिले के प्रसिद्ध भादवा माता मंदिर के दर्शन करने के साथ ही नीमच शहर के प्रमुख स्थानों का भ्रमण भी करेंगे। भारतीय संस्कृति के प्रति उनके विशेष लगाव का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वे ग्रामीण परिवारों से भारतीय पारंपरिक व्यंजन बनाना भी सीखेंगे। उनका उद्देश्य भारतीय खानपान, जीवनशैली और संस्कृति को नजदीक से समझना और अपने अनुभवों को दुनिया के साथ साझा करना है।

Next Post

राघौगढ़ में वॉटर मीटर चोरी, सीसीटीवी में कैद हुआ चोर गिरोह

Thu Aug 6 , 2026
गुना। गुना जिले के राघौगढ़ नगर पालिका क्षेत्र में वॉटर मीटर चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। 5 अगस्त की देर रात वार्ड क्रमांक 2 और 4 से नगर पालिका द्वारा लगाए गए नल सप्लाई के वॉटर मीटर अज्ञात चोर उखाड़कर ले गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद […]

You May Like