![]()
लंदन। इंग्लैंड के तेज गेंदबाज मार्क वुड ने 36 साल की उम्र में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान कर दिया। वुड ने इंग्लैंड के लिए 38 टेस्ट, 70 वनडे और 38 टी20 मैच खेले हैं। वह दो बार वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे हैं।
वुड ने 2015 में लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू किया था। उनके नाम टेस्ट में 119, वनडे में 80 और टी20 में 54 विकेट हैं।
संन्यास पर वुड ने कहा, “मैंने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है। पिछले साल को देखते हुए यह हैरानी की बात नहीं है, लेकिन कॉन्ट्रैक्ट खत्म होने पर यह स्वाभाविक समय है। मैंने हमेशा चोट से वापसी की कोशिश की, लेकिन इस बार मैं यह लड़ाई हार गया। मेडिकल सलाह के बाद अब टेस्ट और 50 ओवर क्रिकेट खेलना संभव नहीं है।”
उन्होंने कहा, “इंग्लैंड के लिए खेलना सबसे बड़ा सम्मान और सपना सच होने जैसा रहा।”
वुड चार एशेज सीरीज का हिस्सा रहे। 2019 वनडे वर्ल्ड कप में उन्होंने 18 विकेट लेकर इंग्लैंड को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी, वहीं 2022 टी20 वर्ल्ड कप में 4 मैचों में 9 विकेट लिए थे।