इंदौर:एमआईजी थाना क्षेत्र में मल्टी के मेंटेनेंस को लेकर हुए विवाद में महिला से अभद्रता और मारपीट का मामला सामने आया है. आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए महिला को धक्का दे दिया, जिससे वह गिरकर घायल हो गईं. इस दौरान आरोपी ने उनकी कार में भी तोड़फोड़ कर नुकसान पहुंचाया. पुलिस ने शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर लिया है.थाना प्रभारी सीबी सिंह ने बताया कि 57 वर्षीय फरियादी ललिता डांगीवाला अपने पति चारुमित्र डांगीवाला के साथ बाजार से लौटकर कार एमपी-09-सीटी-3776 से श्रीनगर मेन स्थित मल्टी की पार्किंग में पहुंची थीं. इसी दौरान वहां मौजूद पड़ोसी अनिल शर्मा ने मल्टी के मेंटेनेंस को लेकर विवाद शुरू कर दिया और अभद्र भाषा में गाली-गलौज करने लगा.
फरियादी के अनुसार जब उन्होंने कार से उतरकर आरोपी को गाली देने से मना किया और शांत रहने को कहा, तो वह और अधिक आक्रामक हो गया. आरोपी ने गुस्से में कार के बोनट पर जोर से हाथ मारा और ड्राइवर साइड के आगे का विंडो ग्लास खींचकर बाहर निकाल दिया, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा. विवाद के दौरान आरोपी ने ललिता डांगीवाला को धक्का दे दिया, जिससे वे जमीन पर गिर गईं. गिरने से उनके सीने और कमर के पिछले हिस्से में चोट आई है. घटना के बाद पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी अनिल शर्मा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
