इंदौर: तीर्थ यात्रा पर गए परिवार की गैरमौजूदगी में चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया. बाणगंगा थाना क्षेत्र की बाणगंगा कॉलोनी में बदमाश अलमारी तोड़कर करीब 35 लाख रुपये नकद और लगभग 25 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात समेट ले गए. परिवार लौटकर आया तो घर का नजारा देख उनके होश उड़ गए.थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि पीड़िता मनीषा यादव ने शिकायत दर्ज कराई है.
कुछ समय पहले परिवार ने राम कॉलोनी स्थित एक प्लॉट बेचा था, जिसकी रकम 35 लाख रुपये नकद घर में रखी हुई थी. इसके साथ ही करीब 25 लाख रुपये मूल्य के जेवर भी अलमारी में सुरक्षित रखे थे. इसी बीच दंपति माता वैष्णोदेवी के दर्शन के लिए बाहर गए हुए थे और घर पूरी तरह सूना था. मकान में घुसने के लिए बदमाशों ने पहले रेकी की और फिर ताले तोड़कर भीतर प्रवेश किया. अलमारी के लॉक टूटे मिले और सारा सामान बिखरा पड़ा था.
जांच करने पर नकदी और जेवर गायब पाए गए. सूचना पर बाणगंगा पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जरूरी साक्ष्य जुटाए. पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है. कॉलोनी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. शुरुआती जांच में पुलिस को आशंका है कि वारदात में किसी ऐसे व्यक्ति की भूमिका हो सकती है, जिसे घर में रखी बड़ी रकम की जानकारी थी. फिलहाल आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है.
