साइना नेहवाल और पीटर गेड ने ‘द लेजेंड्स’ विजन–लेगेसी टूर इंडिया’ की शुरुआत की

नयी दिल्ली, 23 नवंबर (वार्ता) दिल्ली में आज भारतीय बैडमिंटन के लिए एक यादगार दिन रहा, जब साइना नेहवाल और पीटर गेड ने सीरीफोर्ट डीडीए स्क्वैश एंड बैडमिंटन कॉम्प्लेक्स में आयोजित “द लेजेंड्स’ विजन – लेगेसी टूर इंडिया” की शुरुआत की। यह दिन विरासत, युवा ऊर्जा और उद्देश्य का ऐसा संगम लेकर आया, जिसने दिखाया कि जब महान खिलाड़ी अपने नन्हे चाहने वालों के साथ खड़े होते हैं, तो खेल की ताकत कई गुना बढ़ जाती है।
आठ साल बाद भारत लौटे ‘लेजेंड्स’ विजन’ का दिल्ली चैप्टर बेहद उत्साह के साथ शुरू हुआ। स्टेडियम शुरुआत से ही दर्शकों से भर गया था-जूनियर खिलाड़ी अपनी क्लब जर्सी में पहुंचे और परिवारों ने इसे एक उत्सव की तरह मनाया। जैसे ही साइना और गेड कोर्ट पर उतरे, चारों ओर गूंजती तालियों ने साफ कर दिया कि शहर इस पल का लंबे समय से इंतज़ार कर रहा था।
एम्बेसडर्स परुपल्ली कश्यप, आनंद पवार, अपर्णा पॉपट और सायली गोखले ने भी लेजेंड्स के साथ बच्चों के साथ मज़ेदार सत्र खेले, जिसमें लेजेंड्स और एम्बेसडर्स ने युवा खिलाड़ियों के साथ मिलकर कई दिलचस्प मुकाबले खेले।
दिन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा था ‘ ए रैकेट सेकंड लाइफ’ का भारत में शुभारंभ। योनैक्स द्वारा लगाए गए दान बॉक्स में जब बच्चे और प्रशंसक अपने इस्तेमाल किए हुए रैकेट जमा करने लगे, तो इस पहल की असल भावना स्पष्ट दिखी-एक रैकेट, जो किसी ने कभी प्यार से इस्तेमाल किया, अब किसी ऐसे बच्चे के हाथों में जाएगा जिसे खेलने का मौका नहीं मिल पाता।
ऑन-कोर्ट सत्र पूरे कार्यक्रम की धड़कन थे। जूनियर खिलाड़ियों को साइना और गेड के साथ रैली खेलने का दुर्लभ अवसर मिला। लेजेंड्स ने उनके शॉट सुधारे, ग्रिप ठीक करवाई और कई बार सिर्फ बच्चों को उस अनुभव का आनंद लेने दिया-यह एक ऐसी मास्टरक्लास थी, जिसे बच्चे जिंदगीभर याद रखेंगे।
साइना नेहवाल ने कहा, ”ए रैकेट सेकंड लाइफ’ को भारत लाना मेरे लिए बेहद खास है। इस देश ने मुझे मेरा सफर दिया-कोच, प्रशंसक, सपोर्ट सिस्टम, सबकुछ। इसलिए अब जब मैं कुछ लौटाने की स्थिति में हूं, तो यह दिल से महसूस होता है। इस पहल की खूबसूरती यह है कि यह सिर्फ प्रोफेशनल या बड़े अकैडमियों के लिए नहीं है, बल्कि हर किसी के लिए है। हर फैन, हर खिलाड़ी सिर्फ एक रैकेट दान करके किसी बच्चे की जिंदगी बदल सकता है। मेरा संदेश है-आपका रैकेट किसी का भविष्य बन सकता है। इस कहानी का हिस्सा बनें।”
पीटर गेड ने कहा, “शुरू से ही ‘द लेजेंड्स’ विजन’ का मकसद था दुनिया को बैडमिंटन को नए नजरिये से देखने के लिए प्रेरित करना-सिर्फ मेडल और ट्रॉफियों से आगे बढ़कर। पिछले दस सालों में जागरूकता तो बढ़ी है, लेकिन असली मायने तब हैं जब जागरूकता कार्रवाई में बदलती है।
यही वजह है कि भारत में उठाया गया यह कदम इतना महत्वपूर्ण है। ‘ए रैकेट सेकंड लाइफ’ इस वैश्विक मिशन को जमीन पर लाने जैसा है-बच्चों को उपकरण मिलना, समुदायों तक पहुंच बढ़ना, और ज़िंदगियां बदलना। और इसे साइना द्वारा अपने देश में लीड किया जाना इसे और प्रभावशाली बनाता है।”
कार्यक्रम के अंत में, बच्चों ने दोनों लेजेंड्स के साथ अंतिम रैली खेली और यादगार पलों को कैमरे में कैद किया। यह दृश्य बताने के लिए काफी था कि यह दिन किस बारे में था-एक पीढ़ी से अगली पीढ़ी तक लिगेसी का सीधा हस्तांतरण।
कल (24 नवंबर) टूर दिल्ली-एनसीआरके विभिन्न स्थानों पर जारी रहेगा, जहां साइना नेहवाल और पीटर गेड चुनिंदा योनेक्स सनराइज स्टोर्स में जाकर फैंस से मिलेंगे, दान को प्रोत्साहित करेंगे और ‘ए रैकेट सेकंड लाइफ’ को सीधे समुदायों तक ले जाएंगे।

Next Post

खराब मौसम के कारण भारत बनाम दक्षिण कोरिया मुकाबला स्थगित

Sun Nov 23 , 2025
इपोह (मलेशिया), 23 नवंबर (वार्ता) खराब मौसम के कारण भारत और दक्षिण कोरिया के बीच सुल्तान अजलान शाह कप 2025 टूर्नामेंट में रविवार को होने वाला पुरुष हॉकी टीम का मुकाबला स्थगित कर दिया गया है। पांच बार की चैंपियन भारतीय हॉकी टीम का टूर्नामेंट के 31वें संस्करण में आज […]

You May Like