मुंबई, 09 जुलाई (वार्ता) के के मेनन अभिनीत प्राइम ओरिजिनल कॉमेडी-ड्रामा सीरीज़ आदर्श बाल विद्यालय का वर्ल्डवाइड प्रीमियर 24 जुलाई को होगा। यह सीरीज़ प्राइम वीडियो पर भारत सहित दुनिया के 240 देशों और क्षेत्रों में हिंदी भाषा में अंग्रेज़ी सबटाइटल के साथ स्ट्रीम की जाएगी।सात एपिसोड वाली इस सीरीज़ का निर्देशन हिमांक गौर ने किया है। इसके एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर बिस्वपति सरकार और समीर सक्सेना हैं। इसका निर्माण पोशम पा पिक्चर्स के बैनर तले किया गया है। सीरीज़ की कहानी बिस्वपति सरकार, अक्षय अस्थाना, नूपुर पाई, तत्सत पांडे और मेघना श्रीवास्तव ने मिलकर लिखी है।
आदर्श बाल विद्यालय की कहानी एक बदहाल सरकारी स्कूल के बेफिक्र हेडमास्टर ज्ञानेश्वर त्रिपाठी (के के मेनन) के इर्द-गिर्द घूमती है। कैंब्रिज में आयोजित एक सरकारी प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल होने की उनकी इच्छा उन्हें अपने स्कूल की तस्वीर बदलने के मिशन पर ले जाती है। शिक्षकों की एक अनोखी टीम के साथ वह संसाधनों की कमी, शरारती बच्चों, अभिभावकों की बेरुखी और प्रशासनिक चुनौतियों का सामना करते हुए स्कूल को नई पहचान दिलाने की कोशिश करते हैं। हास्य और भावनाओं से भरपूर यह सीरीज़ संघर्ष, उम्मीद और बदलाव की कहानी प्रस्तुत करती है। सीरीज़ में के के मेनन के अलावा अर्चना पूरन सिंह, नवीन कस्तूरिया, प्रसन्ना बिष्ट, अभिमन्यु सिंह, देवेन भोजानी, अजितेश गुप्ता, अन्नपूर्णा सोनी और प्राची शाह भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
प्राइम वीडियो इंडिया के डायरेक्टर एवं हेड, ओरिजिनल्स निखिल मधोक ने कहा कि आदर्श बाल विद्यालय एक मनोरंजक और दिल को छू लेने वाली कॉमेडी सीरीज़ है, जो शिक्षा व्यवस्था की कमियों और उन्हें सुधारने की कोशिश कर रहे लोगों की जिजीविषा को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सीरीज़ भारत ही नहीं, दुनिया भर के दर्शकों को पसंद आएगी। सीरीज़ के सह-निर्माता और एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर बिस्वपति सरकार और समीर सक्सेना ने कहा कि इसकी शुरुआत एक ऐसे स्कूल की कहानी से हुई, जो हर पैमाने पर नाकाम नजर आता है, लेकिन वहां के शिक्षक और छात्र अपने जज्बे से उसे जीवित रखते हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञानेश्वर त्रिपाठी का किरदार इस कहानी की आत्मा है और के के मेनन ने अपने शानदार अभिनय से इसे पूरी जीवंतता के साथ पर्दे पर उतारा है।

