
ओंकारेश्वर। सोमवार को ओंकारेश्वर पावर स्टेशन का पर 500 किलोवाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट का उद्घाटन अध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता ने किया। उन्होंने परियोजना की कार्यप्रणाली का निरीक्षण करते हुए सुरक्षित संचालन, तकनीकी उत्कृष्टता और नवीकरणीय ऊर्जा के विस्तार पर जोर दिया। दौरे के दौरान सीआईएसएफ ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
उनके साथ प्रबंध निदेशक ओमप्रकाश ने सोमवार को ओंकारेश्वर पावर स्टेशन का दौरा किया। इस दौरान परियोजना प्रमुख डीके द्विवेदी ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-स्वरूप पौधा भेंट कर उनका स्वागत किया। वहीं, ओंकारेश्वर पावर स्टेशन लेडीज क्लब की अध्यक्षा अंजना द्विवेदी ने श्रीमती शीखा गुप्ता एवं गीता चौधरी का स्वागत किया।
दौरे के दौरान अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक ने पावर स्टेशन का निरीक्षण कर विद्युत उत्पादन व्यवस्था, नियंत्रण प्रणाली, सुरक्षा प्रबंधन तथा तकनीकी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से परियोजना के संचालन और उपलब्धियों की जानकारी ली तथा कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण कार्यसंस्कृति बनाए रखने पर जोर दिया।
इस अवसर पर अध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता ने परिसर में स्थापित 500 किलोवाट क्षमता के सोलर पावर प्लांट का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक ऊर्जा के साथ नवीकरणीय ऊर्जा का विस्तार समय की आवश्यकता है और एनएचडीसी इस दिशा में लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को पर्यावरण संरक्षण और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
अपने संबोधन में श्री गुप्ता ने कहा कि ओंकारेश्वर पावर स्टेशन ने विद्युत उत्पादन, तकनीकी दक्षता, सुरक्षित संचालन और गुणवत्ता आधारित कार्यप्रणाली के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से सुरक्षा, अनुशासन, नवाचार और टीम भावना के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
प्रबंध निदेशक ओमप्रकाश ने कहा कि अध्यक्ष के नेतृत्व में एनएचडीसी उत्कृष्टता, पारदर्शिता और नवाचार के नए मानदंड स्थापित कर रहा है। उन्होंने ओंकारेश्वर पावर स्टेशन की उपलब्धियों का श्रेय कर्मचारियों की प्रतिबद्धता और मजबूत कार्यसंस्कृति को दिया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर सीआईएसएफ ने अध्यक्ष भूपेन्द्र गुप्ता को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया।
कार्यक्रम में परियोजना प्रमुख डीके द्विवेदी, महाप्रबंधक (विद्युत) विनोद शर्मा, महाप्रबंधक (मानव संसाधन) पी सत्यमूर्ति, महाप्रबंधक (ओ एंड एम) विनोद कुमार सिंह, महाप्रबंधक (सिविल) संजय कुमार सहित एनएचपीसी एवं एनएचडीसी के वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में कर्मचारी उपस्थित रहे।
