अंग्रेजी का पेपर बिगड़ने के डर से 12वीं की छात्रा ने दी जान, बायोलॉजी की छात्रा थी अदिति

बैतूल। मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के झल्लार थाना क्षेत्र के चिचोलाढाना गांव में 12वीं कक्षा की एक छात्रा ने अंग्रेजी का पेपर खराब होने की आशंका के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना बुधवार शाम की बताई गई है।

परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान 17 वर्षीय अदिति के रूप में हुई है। वह एक निजी स्कूल में बायोलॉजी स्ट्रीम से कक्षा 12वीं की छात्रा थी। उसका परीक्षा केंद्र गर्ग कॉलोनी स्थित एक स्कूल में बनाया गया था। बुधवार को उसका अंग्रेजी विषय का पेपर था।

परिजनों के अनुसार परीक्षा देकर घर लौटने के बाद वह काफी उदास थी। कुछ समय बाद वह अपने कमरे में चली गई, जहां उसने फांसी लगा ली। जानकारी मिलने पर परिजनों ने तत्काल उसे नीचे उतारकर जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

परिवार का कहना है कि अदिति पिछले कुछ दिनों से परीक्षा को लेकर तनाव में थी। उसे परिणाम और पढ़ाई को लेकर मानसिक दबाव महसूस हो रहा था। झल्लार थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है।

Next Post

नए श्रम कानूनों के विरोध में सड़कों पर उतरे श्रमिक, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

Thu Feb 12 , 2026
सौसर। केंद्र सरकार द्वारा लाए गए चार नए श्रम कानूनों के विरोध में गुरुवार को औद्योगिक क्षेत्र के श्रमिक और यूनियन पदाधिकारीयों ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया। जागृति कामगार संघ (सीटू) के नेतृत्व में रेमंड बोरगांव से एक विशाल विरोध रैली निकाली गई, जो नगर के मुख्य मार्गों से […]

You May Like