इंदौर:आज खाद्य औषधि विभाग ने सियागांज में एक गोदाम पर छापा मारकर कलर मिली सौंफ और मिलावटी खसखस जब्त की. खाद्य विभाग के अनुसार जब्त सौंफ और खसखस का बाजार मूल्य करीब 10 लाख रुपए है. खाद्य विभाग ने सौंफ और खसखस के नमूने जांच हेतु प्रयोगशाला भेजकर गोदाम सील कर दिया है.आज कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर खाद्य औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने जवाहर मार्ग वेयर हाउस रोड़ स्थित जयश्री मर्चेंट के गोदाम पर छापा मारा.
छापे के दौरान उक्त प्रतिष्ठान के प्रोपराईटर अमित गोगिया है. गोदाम परिसर में खाद्य पदार्थ सौंफ एवं खसखस का भंडारण बेचने के लिए किया गया था. सौंफ की प्रारंभिक जांच करने पर कलर मिला तथा खसखस भी अमानक स्तर की होने पर दोनों खाद्य पदार्थों के नमूने खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत जांच हेतु लिए गए. खाद्य औषधि मुख्य अधिकारी मनीष स्वामी ने बताया कि गोदाम में लगभग 900 किलो सौंफ एवं लगभग 400 किलो खसखस जप्त की गई.
उक्त फर्म के गोदाम का खाद्य लाइसेंस अथवा पंजीयन ना होने के कारण, गोदाम को आगामी आदेश तक सील कर दिया गया है. स्वामी ने कहा कि सौंफ और खसखस के सभी नमूनों को विस्तृत जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जाएगा. जांच रिपोर्ट मिलने पर आगे वैधानिक कारवाई की जाएगी. उक्त कारवाई में खाद्य इंस्पेक्टर मनोज रघुवंशी और राकेश त्रिपाठी के द्वारा की गई.
उपभोक्ता ऐसे जांच सकते है
उपभोक्ता अपने घर पर ही मिलावटी सौंफ और खसखस की पहचान आसान तरीके से कर सकते हैं। सौंफ को हाथ में लेकर रगड़ने पर हाथ में बहुत ही गहरा हरा रंग आ रहा है तो कलर मिला होता है, यदि हल्का हरा रंग है तो यह प्राकृतिक है. इसी तरह खसखस को पानी भरे कांच के गिलास में डालें। शुद्ध खसखस होगी तो नीचे तले में बैठ जाएगी. खसखस में मिलावट है तो अशुद्धियां तैरने लगेगी और पानी का रंग दूधिया हो जाएगा.
