मुंबई, 10 फरवरी (वार्ता) इंडियन आइडल फेम सलमान अली और मुस्कान का गाना “दिलदारा” रिलीज़ हो गया है। यह गाना सुर म्यूजिक रिकार्ड्स के ऑफिसियल चैनल से रिलीज हुआ है।इस गीत को इंडियन आइडल फेम सलमान अली और मुस्कान ने गया है, वहीं समीर खान रॉयल ने भी सिंगिंग में खास योगदान दिया है। गाने को लेकर सलमान अली ने कहा कि “दिलदारा मेरे दिल के बेहद करीब है। यह सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि प्यार के उन एहसासों की कहानी है, जिसे हर कोई वेलेंटाइन डे पर महसूस करता है। इस गाने में सादगी, सच्चा प्रेम और भावनाएं हैं, जिन्हें हमने पूरी ईमानदारी से आवाज़ दी है। मुझे उम्मीद है कि श्रोता इस गीत को अपने दिल से जोड़ेंगे और अपने खास पलों का हिस्सा बनाएंगे।”
गीत के बोल अंकिता खत्री “नादान” ने लिखे हैं, जो प्रेम की मासूमियत और गहराई को बेहद खूबसूरती से बयां करते हैं। समीर खान रॉयल का संगीत गाने को और भी मधुर बनाता है, जो सीधे दिल को छू जाता है। “दिलदारा” में दिखाया गया प्यार का एहसास वेलेंटाइन डे के जश्न को और खास बना देता है। वीडियो में अभिनेता देव शर्मा और दिया भट्ट की जोड़ी दर्शकों को खूब पसंद आ रही है। दोनों की केमिस्ट्री गाने की कहानी को जीवंत बना देती है। निर्देशक इसरार अहमद ने रोमांटिक सीन को बेहद सलीके से पर्दे पर उतारा है। गाने की शूटिंग खूबसूरत और मनोरम लोकेशन्स पर की गई है, जहां की प्राकृतिक सुंदरता प्रेम कहानी को और आकर्षक बनाती है। वीडियो के निर्माता सुरिंदर यादव हैं, जबकि कोरियोग्राफर राज सहगल ने रोमांटिक मूव्स से गाने में जान डाल दी है। डीओपी कुंदन धीमान की सिनेमैटोग्राफी हर फ्रेम को यादगार बनाती है।

