
भानपुरा। क्षेत्र में गोल्ड लोन के नाम पर बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। नकली एवं मिलावटी सोना असली बताकर गोल्ड लोन कंपनी से लाखों रुपए का लोन लेने वाले दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामले में कंपनी कर्मचारी की शिकायत पर भानपुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी सेल्वम कुप्पन पिता कुप्पन (43) निवासी तमिलनाडु ने पुलिस को शिकायत दर्ज कराई कि आशीर्वाद गोल्ड लोन कंपनी में दो युवकों ने पहले मिलावटी सोना गिरवी रखकर करीब 7 लाख रुपए का लोन प्राप्त किया था।
थाना प्रभारी आरसी डांगी ने बताया कि लोन लेने के करीब एक माह बाद आरोपी दोबारा सोना गिरवी रखकर लोन लेने पहुंचे। इस दौरान कंपनी कर्मचारियों को सोने की गुणवत्ता पर संदेह हुआ। जांच करने पर सोना नकली एवं मिलावटी निकला, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी समीर खान एवं शाहिद पठान को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने इसी प्रकार अन्य स्थानों पर भी धोखाधड़ी की है या नहीं।
