नवनिर्मित नगर निगम भवन का महापौर ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

खंडवा। शहर में जारी विकास कार्यों के तहत गुरुवार को महापौर अमृता अमर यादव ने परिषद अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा एवं एमआईसी सदस्यों के साथ नवनिर्मित नगर निगम कार्यालय भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान भवन में उपलब्ध नागरिक सुविधाओं, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया गया।

समाजसेवी एवं प्रवक्ता सुनील जैन ने बताया कि निरीक्षण के दौरान परिषद अध्यक्ष अनिल विश्वकर्मा, एमआईसी सदस्य राजेश यादव, विक्की भावरे, सोमनाथ काले, अनिल वर्मा, दीना पंवार, कार्यपालन यंत्री राधेश्याम उपाध्याय एवं ठेकेदार दीपेश राठौर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

 

महापौर अमृता यादव ने भवन के विभिन्न विभागों, कार्यालय कक्षों, बैठक व्यवस्था, नागरिक सुविधा केंद्र, पार्किंग एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भवन में आने वाले नागरिकों को बेहतर एवं सुगम सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं।

 

महापौर ने कहा कि नया नगर निगम भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, जिससे आम नागरिकों को विभिन्न कार्यों के लिए बेहतर वातावरण एवं सुविधाएं प्राप्त होंगी। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने तथा सभी तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्यों ने भी भवन की व्यवस्थाओं को लेकर अपने सुझाव दिए और नागरिक हितों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक सुधार करने पर जोर दिया। अधिकारियों द्वारा भवन निर्माण एवं शेष कार्यों की प्रगति की जानकारी भी प्रस्तुत की गई। नगर निगम प्रशासन ने शीघ्र ही भवन को पूर्ण रूप से संचालन में लाने की बात कही है।

Next Post

नवागत एसपी सोनाक्षी ने पदभार ग्रहण किया

Thu May 7 , 2026
सीहोर। नवागत जिला पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना ने गुरुवार को विधिवत पदभार ग्रहण किया. उन्होंने तत्कालीन एसपी दीपक कुमार शुक्ला से जिले की स्थिति की जानकारी प्राप्त की. इसके उपरांत एएसपी सुनीता रावत, सीएसपी डॉ. अभिनंदन शर्मा, डीएसपी अजाक प्रवीण चढ़ोकर, आरआई उपेंद्र यादव, थाना प्रभारी रविंद्र यादव तथा […]

You May Like